देवास जिले में मधुमक्खियों का जानलेवा हमला, बकरी चराने गए बुजुर्ग की मौत, बचाने पहुंचे लोगों को भी काटा
By Ashish Meena
अक्टूबर 6, 2026
मालवा जंक्शन, देवास।
देवास जिले के बागली विकासखंड के घाट नीचे क्षेत्र के ग्राम रातातलाई के जंगल में मंगलवार को दुखद घटना हो गई। बकरी चराने जंगल में गए एक बुजुर्ग पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया।
बचाने आए लोगों को भी बनाया निशाना
बुजुर्ग की चीख पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान, श्रमिक व अन्य लोग बुजुर्ग को बचाने के लिए दौड़े लेकिन मधुमक्खियों ने उनको भी निशाना बनाया। जैसे-तैसे लोग वहां से जान बचाकर भागे लेकिन बुजुर्ग को बड़ी संख्या में मधुमक्खियों ने काट लिया था जिससे उनकी मौत हो गई।
Also read – मंडी में किसान की हार्ट अटैक से मौत, ट्रैक्टर में ही थम गई सांस
पीएम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति होगी स्पष्ट
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक का नाम 60 वर्षीय धन्नालाल मानकर है। उदयनगर के शासकीय अस्पताल में पीएम करवाया गया। थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया पीएम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।
पहले भी हो चुके हैं मधुमक्खियों के जानलेवा हमले
गौरतलब है कि कुछ माह पूर्व भाजपा की रैली पर रालामंडल क्षेत्र में निष्कलंकेश्वर महादेव मंदिर जाते समय डीजे के शोरगुल से उग्र मधुमक्खियों ने हमला कर दिया था जिसमें करीब आधा दर्जन कार्यकर्ता घायल हो गए थे। इनमें से कुछ को जिला अस्पताल लाया गया था जबकि कुछ को उज्जैन ले जाया गया था। कुछ साल पहले उदयनगर सहित नेमावर व खातेगांव क्षेत्र में भी दो से तीन लोगों की मौत मधुमक्खियों के हमले में हो चुकी है।
