नाव पलटने से 13 बच्चों की मौत, PM मोदी ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों को छह लाख मुआवजे का एलान

By Ashish Meena
अक्टूबर 14, 2026

बिहार के वैशाली में राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद पंचायत में मंगलवार की रात्रि नाव हादसे में 13 लोगों की डूबने से मौत हो गई। इनमें अधिकतर बच्चे हैं। मौत की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, रामपुर श्यामचंद पंचायत के भगतान टोला स्थित माता महारानी स्थान के निकट सिंघेश्वर राय के यहां श्राद्ध का भोज था।एक छोटी नाव पर करीब 20 से 25 लोग सवार होकर भोज खाने के लिए ढाब के उस पार जा रहे थे। इसी दौरान बीच ढाब में नाव डूब गई।

नाव डूबने की सूचना पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की खबर मिलते ही रामपुर श्यामचंद पंचायत और आसपास के गांवों के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से घंटे भर की मशक्कत के बाद कई लोगों को बाहर निकाला गया। आनन-फानन में सभी को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, राघोपुर फतेहपुर पहुंचाया गया।

हादसे के बाद पीएचसी में मची अफरा-तफरी

रामपुर श्यामचंद में नाव हादसे के बाद स्थानीय लोग पानी में डूबे लोगों को लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, राघोपुर फतेहपुर पहुंचे। बताया गया है कि 17 बच्चों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों की जांच के बाद 13 को मृत घोषित कर दिया गया। तीन बच्चों को गंभीर स्थिति में पीएमसीएच (PMCH) रेफर कर दिया गया, जबकि एक की स्थिति ठीक बताई गई है जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

इस दौरान अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मची रही और पूरा परिसर स्थानीय लोगों की भीड़ से भर गया। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना से पूरे राघोपुर प्रखंड में मातम छा गया। विभिन्न गांवों से लोग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं घटनास्थल पर पहुंचने लगे। पुलिस और प्रशासन को घटना की सूचना दे दी गई है और प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई जारी है।

सीएम ने किया आर्थिक सहायता का एलान

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मृतकों के स्वजन को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता (अनुग्रह राशि) देने की घोषणा की है। साथ ही प्रशासन को राहत-बचाव कार्य तेजी से पूरा करने और घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए गए हैं।

पीएम मोदी ने जताया शोक

प्रधानमंत्री कार्यालय ने पोस्ट किया कि बिहार के वैशाली में नाव पलटने की घटना में हुई जानमाल की हानि अत्यंत दुखद है। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है। पीएमएनआरएफ की ओर से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

नाव पर 20 लोग थे सवार, 13 की मौत, 7 एनएमसीएच रेफर : डीएम

राघोपुर के रामपुर श्यामचंद पंचायत में हुए नाव हादसे के बाद मौके पर पहुंची वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने घटना को लेकर मीडिया को जानकारी दी। डीएम वर्षा सिंह ने कहा कि देखिए, बहुत ही दुखद घटना है, साढ़े आठ बजे ये घटना हुई है। सूचना मिली कि एक नाव है जिसमें से 20 बच्चे जा रहे थे, बगल के गांव में भोज खाने के लिए जा रहे थे और उसी क्रम में नाव पलट गई है। उन्होंने बताया कि अभी तक कुल सात लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है, जो कि एनएमसीएच भेजे गए हैं। इसके अतिरिक्त यहां पर जो लोग हैं वो सभी बच्चे हैं, 15 साल के लगभग बताया गया जिन्हें मृत घोषित कर दिया गया है।

‘रेस्क्यू ऑपरेशन जारी…’

डीएम ने कहा कि लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। एसडीआरएफ की टीम मौके पर मौजूद है, लोकल गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू किया जा रहा है। लगातार ये रेस्क्यू रात भर जारी रहेगा, कल भी जारी रहेगा। डीएम ने कहा कि अभी यहां पर कुल तेरह लोगों की मौत हुई है। सभी मृतकों की उम्र करीब 15 वर्ष के आसपास है। डीएम के साथ एसएसपी शुभांक मिश्रा और आला अधिकारी पीएचसी राघोपुर फतेहपुर पहुंचे। ग्रामीण अंचल से मिले जर्जर नाव को हादसे का कारण बता रहे हैं और सीओ पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। आक्रोशित लोगों ने डीएम और एसएसपी के खिलाफ नारेबाजी की।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»