बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात, अगले 48 घंटों में तेज बारिश का अलर्ट, 6 दिन की बारिश पर मौसम विभाग ने दिया बड़ा अपडेट

By Ashish Meena
अक्टूबर 5, 2024

Weather Update : उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उसके आसपास के इलाकों में कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इसके चक्रवात में बदलने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि इसके अगले 48 घंटे में और मजबूत होने की संभावना है। इसके चलते 4 से 8 अक्तूबर तक पश्चिम बंगाल समेत 13 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली, हिमाचल प्रदेश समेत देश के कई राज्यों से मानसून वापस हो चुका है। हालांकि कुछ राज्यों में अब भी बारिश और बाढ़ के हालात हैं। विभाग के अनुसार, मन्नार की खाड़ी और बंगाल की खाड़ी में बनने वाले चक्रवात के चलते 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने लोगों, खासकर मछुआरों को अगले सात दिन पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी की ओर न जाने की सलाह दी है।

देशभर से मानसून धीरे-धीरे जा रहा है, इस बीच मौसम विभाग का बड़ा अपडेट आया है। शुक्रवार को आईएमडी ने बताया कि पूर्वोत्तर भारत और केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अगले 5 से 6 दिन तेज बारिश का अनुमान बना हुआ है। इसके अलावा अगले 5 और 6 अक्टूबर को पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे बांग्लादेश और पश्चिम के तटीय क्षेत्रों पर हवा का प्रेशर बना हुआ है। जिससे दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में अगले दो दिन बादल छाए रहने और मामूली बूंदाबांदी होने के आसार दिख रहे हैं। इसके अलावा उत्तरी बांग्लादेश और उससे सटे उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के एरिया में साइक्लोनिक सर्कुलेशन देखा जा सकता है।

Also Read – किसानों को फ्री में मिलेंगे फसल के बीज, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में किया बड़ा ऐलान

मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 दिनों के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, पश्चिम बंगाल, मिजोरम और सिक्किम में हल्की से मध्यम बारिश होगी। वहीं कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में तेज बारिश होगी। इसके अलावा मन्नार की खाड़ी, पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के अधिकांश हिस्सों से सटे उत्तर के हिस्सों में अगले दो दिन तूफानी मौसम के साथ 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के आसार बने हुए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार जिन राज्यों में तेज बारिश होने के आसार हैं वहां सड़कों और निचले इलाकों में जलभराव हो सकता है। लोगों को सलाह है कि वह मौसम का अपडेट लेकर ही घर से निकलें। वाहन चालकों को सलाह है कि बारिश के दौरान कच्ची सड़कों पर जानें से बचें। बता दें 5 और 6 अक्टूबर में दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 25 और अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक जाने का अनुमान है।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»