मध्यप्रदेश में भाजपा जिलाध्यक्ष की कार पर हमला, पत्थरबाजी में कांच फूटा, साथ में उपाध्यक्ष भी थे, दोनों बाल-बाल बचें
By Ashish Meena
जून 3, 2026
मध्यप्रदेश के रतलाम से रावटी जा रहे भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय की कार पर रास्ते में पत्थर से हमला हो गया। हमले से कार का कांच फूट गया। वहीं एक कार्यकर्ता घायल हो गया। कार में सवार भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय व जिलाउपाध्यक्ष जुबिन जैन दोनों बाल-बाल बच गए।
भाजपा जिलाध्यक्ष उपाध्याय, उपाध्यक्ष जैन व एक कार्यकर्ता चिराग नाहर कार से रावटी में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट कार्यक्रम में शामिल होने उपाध्यक्ष जैन की कार से जा रहे थे। सोमवार रात करीब 8 बजे मोरवानी के पास आमलीपाड़ा गांव के आसपास उनकी कार पर अचानक से पत्थर आकर लगा। पत्थर ड्रायवर के पीछे वाली सीट के कांच पर आकर सीधे लगा। इस साइड बैठे कार्यकर्ता चिराग नाहर को सिर पर पत्थर लगा।
जिलाध्यक्ष कार में आगे बैठे थे पीछे की सीट पर उपाध्यक्ष बैठे थे। यह दोनों हमले में बच गए। स्थिति को देखते हुए वहां से कुछ दूरी पर गांव में जाकर कार रोकी। फिर डीडी नगर थाना पुलिस को सूचना दी। रात में पुलिस अधिकारी क्षेत्र में मौके पर पहुंचे। आसपास क्षेत्रों में सर्चिंग की। लेकिन देर रात तक कोई नहीं मिला।
घायल को रतलाम लाकर कराया उपचार
रात में ही घायल कार्यकर्ता को रतलाम लाकर इलाज कराया। जिला उपाध्यक्ष जुबिन जैन ने बताया कि गोफन से पत्थर मार कार पर हमला किया है। एक कार्यकर्ता को सिर पर पत्थर आकर लगा है। उसका इलाज कराया गया। डीडी नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव ने बताया बदमाशों की तलाश की जा रही है।
