मध्यप्रदेश में भाजपा नेता की हत्या, कार से दो बार कुचला, परिवार के सदस्य शक के दायरे में
By Ashish Meena
मई 13, 2026
मध्यप्रदेश के दमोह में भाजपा नेता देवेंद्र ठाकुर की हत्या कर दी गई। हत्या के मामले में परिवार के सदस्य शक के दायरे में आ गए हैं। जिस कार से कुचलकर देवेंद्र की हत्या की गई वो उनके मामा की है। बुधवार दोपहर शव का पीएम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
एसपी ने आनंद कलादगी का कहना है कि ये हादसा नहीं हत्या है। जिसे बड़े ही सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया है। देवेंद्र ठाकुर पर दो बार स्कॉर्पियो चढ़ाई गई थी। हत्या में परिवार के लोग शामिल हैं। आरोपियों की तलाश के लिए टीम रवाना कर दी गई हैं। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है।
प्रत्यक्षदर्शी हुए लापता
पुलिस सूत्रों का कहना है कि घटनास्थल के पास गन्ने का ठेला लगाने वाले दो लोगों ने पूरा नजरा देखा था। उन्होंने ही बताया था कि दो बार स्कॉर्पियो देवेंद्र ठाकुर के ऊपर जानबूझकर चढ़ाई गई थी। जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद प्रत्यक्षदर्शी भी वहां से चले गए थे जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
क्या है पूरा मामला
दमोह-सागर स्टेट हाइवे पर संजय निकुंज नर्सरी के सामने भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर की कार से कुचलकर हत्या कर दी गई। पुलिस को घटनास्थल पर कार के रिवर्स होने के टायरों के निशान भी मिले हैं। जिस कार से वारदात हुई, वह भोपाल पासिंग (एमपी 04 एसजे 0999) बताई जा रही है। ये कार दुर्गेश राजपूत की बताई जा रही है, जो रिश्ते में मृतक के मामा हैं।
हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही एसपी आनंद कलादगी, एएसपी, सीएसपी एचआर पांडे, देहात थाना प्रभारी अमित गौतम सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। दमोह विधायक जयंत मलैया और सिद्धार्थ मलैया भी घटनास्थल पहुंचे।
भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रह चुके थे
बरमांसा निवासी 45 वर्षीय देवेंद्र ठाकुर भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रह चुके थे। देवेंद्र ठाकुर उर्फ राजपूत वर्ष 2021 के विधानसभा उपचुनाव के दौरान भाजपा में बॉसा मंडल अध्यक्ष रहे थे। मृतक देवेंद्र सहित तीन भाई थे। जिसमें देवेंद्र मंजले थे। उनसे बड़े भाई जितेंद्र सिंह अधिवक्ता हैं, जबकि छोटे भाई त्रिवेंद्र सिंह किसान हैं।
हर मंगलवार जाते थे मंदिर
देवेंद्र ठाकुर हर मंगलवार लक्ष्मण कुटी मंदिर जाते थे। मंगलवार को भी वे बाइक क्रमांक एमपी 34 एमएफ 5685 से वहां गए थे और शाम को गांव लौट रहे थे। इसी दौरान शासकीय नर्सरी के मुख्य गेट के सामने पीछे से आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
कार से दो बार कुचला
हादसा इतना भीषण था कि देवेंद्र सड़क पर गिर पड़े और कार उन्हें कुचलते हुए आगे निकल गई। इसके बाद वाहन को रिवर्स कर दोबारा चढ़ाने की आशंका जताई जा रही है। सड़क पर शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा मिला और शरीर के अंग दूर तक बिखर गए। पुलिस ने मौके से टायरों के निशान, मोबाइल और घड़ी सहित अन्य साक्ष्य जब्त किए हैं। टक्कर इतनी तेज थी कि देवेंद्र की बाइक करीब 50 फीट दूर विपरीत दिशा में जाकर पेड़ से टकराई। जबकि देवेंद्र बीच सड़क पर गिर गए।
