दिल दहला देने वाली वारदात…खेलते-खेलते गायब हुईं दो बहनें, 36 घंटे बाद हाथ-पांव और सिर कटे शव मिले, मच गया हड़कंप
By Ashish Meena
मई 13, 2026
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के रामपुरहारी थाना क्षेत्र अंतर्गत मकसूदपुर गांव से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। खेलते-खेलते लापता हुई दो नाबालिग चचेरी बहनों के शव 36 घंटे बाद बुधवार सुबह एक चिमनी परिसर से बरामद किए गए। शव क्षत-विक्षत हालत में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में भारी तनाव का माहौल है। दोनों मृतका चचेरी बहनें हैं।
मृत बच्चियों की पहचान मकसूदपुर निवासी राजेश राय की 12 वर्षीय पुत्री मौसमी कुमारी और वीरचंद्र कुमार की 7 वर्षीय पुत्री रूची कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, दोनों बच्चियां घर के पास खेल रही थीं। उसी दौरान पास में बख्तौर भूईया बाबा की पूजा भी चल रही थी, जिससे परिजनों को लगा कि बच्चियां वहीं होंगी। देर रात तक घर नहीं लौटने पर खोजबीन शुरू की गई।
चिमनी परिसर में मिला शव
लगातार तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर मंगलवार को रामपुरहारी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। बुधवार सुबह गांव के पास एक चिमनी (ईंट भट्ठा) के पास चौर से दोनों बच्चियों के शव बरामद हुए। हाथ, पांव और सिर कटा हुआ शव मिला। शव की हालत देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। घटनास्थल पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष शिवेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि दोनों बच्चियों के लापता होने की सूचना के बाद से ही पुलिस लगातार तलाश में जुटी थी। शव मिलने के बाद मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया।
