UP विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने किया बड़ा ऐलान, बताया कौन होगा मुख्यमंत्री का चेहरा
By Ashish Meena
अप्रैल 23, 2026
उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसे लेकर अभी से ही सियासत गर्मा गई है. सपा ने पश्चिमी यूपी के दादरी से मिशन-2027 का आगाज किया तो बीजेपी ने भी अपने पत्ते खोल दिए हैं. बीजेपी ने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अपना चेहरा तय कर लिया है, जिसके अगुवाई में चुनाव लड़ने की प्लानिंग की है. बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने यूपी चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है.
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक हिंदी न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में साफ-साफ शब्दों में कहा कि देखिए योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री हैं. उनके नेतृत्व सरकार चल रही है. ऐसे में हम निश्चित रूप से वही चेहरा होंगे. नितिन नवीन ने सीएम योगी आदित्यनाथ के नाम पर मुहर लगा दी है और उनके ही चेहरे पर बीजेपी ने 2027 के विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है. यूपी में सत्ता की हैट्रिक लगने की उम्मीद नितिन नवीन ने जतायी है.
सीएम योगी के चेहरे पर बीजेपी लड़ेगी चुनाव
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन से इंटरव्यू में पूछा गया कि क्या यूपी और उत्तराखंड में सीएम योगी और सीएम धामी ही चेहरा होंगे? इसके सवाल के जवाब में नितिन नवीन ने कहा कि देखिए वे हमारे मुख्यमंत्री हैं और उनके नेतृत्व में सरकार चला रहे हैं. तो निश्चित रूप से चेहरे वही होंगे.’ इसके साथ ही यूपी के मुद्दे पर जवाब देते हुए कहा कि पहले जिस यूपी को वसूली और अपराध के लिए जाना जाता था, उसी यूपी को आज बेहतर कानून व्यवस्था और एक्सप्रेसवे के लिए जाना जाता है.
उत्तर प्रदेश के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में नितिन नवीन ने कहा, ‘देखिए उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री जी और मुख्यमंत्री जी जिस प्रकार से उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ा रहे हैं. एक समय जिस उत्तर प्रदेश को अपराध के लिए जाना जाता था, वसूली के लिए जाना जाता था. कास्ट के आधार पर भ्रमित किया जाता था. आज उसी उत्तर प्रदेश का विकास के लिए जाना जा रहा है, एक्सप्रेसवे के लिए जाना जा रहा है. लॉ एंड ऑर्डर के लिए जाना जा रहा है.
योगी के यूएसपी से बीजेपी की लगेगी हैट्रिक
उन्होंन् कहा कि निश्ति रूप से आप आवाम की जिन चीजों की पहली आवश्यकता होती है,गुड गवर्नेंस, डेवलपमेंट, इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों के जैसे काम कर रहा है. तो आम जनमानस इसको देखकर वोट करता है. अगर हमने गरीब की चिंता की. चाहे वो प्रधानमंत्री अन्न योजना से लेकर पूरी तरह से सरकार की योजनाओं को एकदम नीचे तक क्रियानवन किया. वहीं हमने इंफ्रास्ट्रक्चर ग्रोथ भी दिखाया. हम इन्वेस्टमेंट भी उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर ला रहे हैं.
नितिन नवीन ने कहा कि यूपी में लॉ एंड ऑर्डर का जो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की यूएसपी है, वो भी जमीन पर दिख रहा है. तो मैं मानता हूं कि आज उत्तर प्रदेश के कई शहर विकसित शहर के रूप में दिख रहे हैं. तो ये सब चीजें हमारे लिए स्पष्ट रूप से हमारे तीसरे सरकार बनाने के लिए, हैट्रिक लगाने के लिए काफी है.
उत्तर प्रदेश में 2017 से योगी आदित्यनाथ CM हैं
उत्तर प्रदेश में बीजेपी 15 साल के बाद 2017 में सत्ता में लौटी थी, उस समय बीजेपी ने अपने किसी भी नेता को सीएम पद का चेहरा घोषित नहीं किया था. केशव प्रसाद मौर्य बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष थे और अमित शाह राष्ट्रीय अध्यक्ष थे. पीएम मोदी के नाम और काम कर बीजेपी चुनाव लड़ी थी और प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की थी. इसके बाद योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री बनाया गया था.
सीएम योगी ने पांच साल में हिंदुत्व के साथ सूबे की कानून व्यवस्था को लेकर एक मजबूत बुनियाद रखी थी. 2022 में बीजेपी की सीटें जरूर कम हुई थी, लेकिन बहुमत के आंकड़े से ज्यादा सीटें आईं थी. बीजेपी ने सीएम योगी को दूसरी बार भी उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बना दिया था, लेकिन चुनाव से पहले सीएम पद के चेहरे को लेकर कशमकश की स्थिति रही. इस बार के चुनाव में बीजेपी ने पहले ही सीएम चेहरे का सस्पेंस खत्म कर दिया है. नितिन नवीन ने योगी के चेहरे पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है.
