उज्जैन में 19 वर्षीय युवती के अपहरण का मामला: CCTV में कार से ले जाते दिखे युवक, VIDEO में बोली- अपनी मर्जी से गई हूं
By Ashish Meena
सितम्बर 30, 2026
उज्जैन के जीवाजीगंज थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय युवती के कथित अपहरण के मामले में बुधवार को उस समय नया मोड़ आ गया, जब युवती का एक वीडियो सामने आया। वीडियो में युवती ने कहा कि वह अपनी मर्जी से युवक के साथ गई है। वहीं पुलिस ने युवती के पिता की शिकायत पर पहले ही अपहरण का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात लालबाई-फूलबाई क्षेत्र में युवती घर के बाहर थी। इसी दौरान बिना नंबर की काले रंग की कार वहां पहुंची। CCTV फुटेज में कुछ युवक युवती को कार तक ले जाते दिखाई दे रहे हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
ध्रुव कुमावत का नाम सामने आया
पुलिस की शुरुआती जांच में उर्दूपुरा/रस्सी गली निवासी ध्रुव कुमावत का नाम सामने आया है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर उसकी तलाश कर रही है। रिपोर्टों के मुताबिक कार में युवक के साथ अन्य लोग भी मौजूद थे।
VIDEO में युवती ने कहा- अपनी मर्जी से गई
मामले में बुधवार सुबह सामने आए वीडियो ने घटनाक्रम को नया मोड़ दे दिया। वीडियो में युवती कह रही है कि वह अपनी इच्छा से कार में बैठी थी। युवक ध्रुव भी वीडियो में उसके साथ अपनी मर्जी से जाने और शादी करने की बात कह रहा है। दोनों ने परिवार से दबाव नहीं बनाने की अपील की है।
वीडियो में दोनों ने यह भी कहा कि उन्होंने शादी कर ली है और कुछ दिनों में खुद वापस आकर पेश होंगे। युवक ने युवती से लंबे समय से बातचीत होने की बात भी कही है। हालांकि, पुलिस अभी CCTV फुटेज, वीडियो और अन्य साक्ष्यों का मिलान कर रही है। युवती के पुलिस के सामने बयान होने के बाद घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
पुलिस जांच के बाद साफ होगी तस्वीर
फिलहाल पुलिस ने अपहरण की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है और युवती तथा संबंधित युवक की तलाश की जा रही है। पुलिस CCTV फुटेज और सामने आए वीडियो समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। युवती के बयान और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
