साइक्लोनिक सकुर्लेशन एक्टिव, मध्यप्रदेश में अगले 4 दिन आंधी-बारिश, 39 जिलों में अलर्ट
By Ashish Meena
मई 5, 2026
मध्यप्रदेश में इस बार मई की शुरुआत तेज गर्मी की बजाय आंधी-बारिश और ओले के साथ हुई है। सोमवार को 15 से ज्यादा जिलों में कहीं ओले गिरे तो कहीं तेज आंधी चली और बारिश भी हुई। ऐसा ही मौसम मंगलवार को भी बना रहेगा।
मौसम केंद्र भोपाल ने प्रदेश के 39 जिलों में 40 से 60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चलने और बारिश का अलर्ट जारी किया है। जबलपुर, सिंगरौली, सीधी, शहडोल, उमरिया और कटनी में आंधी की रफ्तार सबसे ज्यादा रहेगी।
वहीं, भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, नर्मदापुरम, बैतूल, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, मऊगंज, मैहर, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, इंदौर-उज्जैन संभाग यानी, इंदौर धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम और हरदा में मौसम साफ रहेगा। सिस्टम की वजह से कुछ जिलों में मौसम बदलने का अनुमान जरूर है।
रायसेन में पारा 44 डिग्री, खजुराहो सबसे ठंडा
प्रदेश में आंधी-बारिश और ओले के बीच कुछ शहरों में तेज गर्मी का असर भी है। सोमवार को रायसेन में पारा 44 डिग्री दर्ज किया गया। लगातार दूसरे दिन रायसेन में इतना तापमान रहा। वहीं, खरगोन में 43 डिग्री, खंडवा में 42.1 डिग्री, मंडला में 41.9 डिग्री, नरसिंहपुर में 41 डिग्री, बैतूल में 40.7 डिग्री, रतलाम में 40.5 डिग्री, छिंदवाड़ा में 40.2 डिग्री और शाजापुर में तापमान 40.1 डिग्री रहा।
दूसरी ओर, खजुराहो में पारा सबसे कम 33.8 डिग्री दर्ज किया गया। यह पचमढ़ी से भी ठंडा रहा। दतिया में 34.8 डिग्री और टीकमगढ़ में तापमान 35.5 डिग्री रहा। बड़े शहरों में ग्वालियर में पारा सबसे कम 34.8 डिग्री दर्ज किया गया। इंदौर में 38.2 डिग्री, उज्जैन में 39 डिग्री, जबलपुर में 40 डिग्री और भोपाल में तापमान 40.4 डिग्री रहा।
रीवा और आगर-मालवा में ओले गिरे
सोमवार को रीवा और आगर-मालवा जिलों में बारिश के साथ ओले गिरे। 15 से ज्यादा जिलों में आंधी, बारिश वाला मौसम भी बना रहा।
इस वजह से ऐसा मौसम
प्रदेश में एक साइक्लोनिक सकुर्लेशन (चक्रवात) एक्टिव है। वहीं, पास से दो ट्रफ भी गुजर रही है। इस वजह से कहीं ओले गिर रहे हैं तो तेज आंधी के साथ बारिश हो रही है। 8 मई तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा।
भोपाल में गर्मी-बारिश का ट्रेंड
भोपाल में मई में मौसम के ट्रेंड की बात करें तो 10 साल में तेज गर्मी और बारिश दोनों का ही दौर रहा है। 2016 में पारा 46.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका, जो ओवरऑल रिकॉर्ड है। यहां इस महीने बारिश भी होती है। 2014 से 2023 तक हर साल बारिश हुई। 2021 और 2023 में 2 इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी है। इस बार भी मई में बारिश का अलर्ट है।
इंदौर में 2023 में गिरा था 3 इंच पानी
इंदौर में भी पारा 46 डिग्री के पार पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, 31 मई 1994 को इतना तापमान दर्ज किया गया था। इस महीने यहां भी मौसम में बदलाव देखने को मिलता है। इसके चलते बादल छाए रहते हैं तो बौछारें भी गिरती हैं। पिछले साल पूरे महीने 3 इंच बारिश हुई थी। वर्ष 2014 से 2023 के बीच 9 साल बारिश हो चुकी है।
ग्वालियर में 48 डिग्री के पार पहुंच चुका पारा
ग्वालियर में गर्मी का ट्रेंड बाकी शहरों से अलग रहता है। यहां ज्यादा गर्मी पड़ती है। 10 साल में यहां पारा एक बार 47 डिग्री और 3 बार 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। 30 मई 1947 को 48.3 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया था। 17 मई 1953 को 24 घंटे में सर्वाधिक 41.9 मिमी, यानी डेढ़ इंच से अधिक बारिश हुई थी। 2023 में भी ढाई इंच पानी गिरा था।
जबलपुर में 3 बार 45 डिग्री पार कर चुका तापमान
जबलपुर की बात करें तो यहां 25 मई 1954 को पारा 46.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। 10 साल में 3 बार टेम्परेचर 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक भी रहा है। जबलपुर में मई में बारिश का ट्रेंड भी रहता है। 2014 से 2023 में हर साल बारिश हुई है। वर्ष 2021 में पूरे महीने 3 इंच से ज्यादा बारिश हुई थी। पिछले साल 2 इंच पानी गिरा था।
उज्जैन में भी गर्मी, बारिश का ट्रेंड
उज्जैन में भी इस महीने गर्मी और बारिश का ट्रेंड रहता है। 22 मई 2010 को रिकॉर्ड 46 डिग्री सेल्सियस तापमान पहुंचा था। वहीं, 2014 से 2023 के बीच एक बार पारा 45 डिग्री के पार रह चुका है। हालांकि, पिछले साल पारा 42.4 डिग्री से ज्यादा नहीं गया था। इस महीने पौन इंच के करीब बारिश भी हुई थी।
