देवास: चलती बाइक से गिरा युवक, अस्पताल में मौत, बहन से मुलाकात के बाद लौट रहा था
By Ashish Meena
अगस्त 5, 2026
मालवा जंक्शन, देवास।
देवास के रेलवे स्टेशन क्षेत्र में बुधवार को एक युवक की चलती बाइक से गिरने के बाद मौत हो गई। मानकुंड निवासी 30 वर्षीय धर्मेंद्र मालवीय अपनी बहन से मिलने देवास आया था। प्रारंभिक तौर पर उसकी मौत का कारण साइलेंट हार्ट अटैक बताया जा रहा है।
परिजनों ने बताया कि धर्मेंद्र एक निजी कंपनी में कार्यरत था। बहन से मुलाकात के बाद वह बाइक से घर लौट रहा था। घर से कुछ ही दूर पहुंचने पर वह अचानक चलती बाइक से नीचे गिर पड़ा और बेसुध हो गया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे।
साइलेंट हार्ट अटैक की आशंका
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद धर्मेंद्र को मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल के डॉ. कमल प्रजापति ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह साइलेंट हार्ट अटैक का मामला लग रहा है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। जांच के लिए विसरा सुरक्षित रखा गया है।
परिजनों के अनुसार, धर्मेंद्र की शादी चार-पांच वर्ष पहले हुई थी। वह अपनी बहन से मिलने देवास आया था। इस घटना की सूचना मिलते ही इंदौर से उसके कई दोस्त भी जिला अस्पताल पहुंच गए।
