मध्यप्रदेश में इंसानियत शर्मसार! बेटा लड़की लेकर भागा तो बुजुर्ग पिता के साथ बर्बरता, कार में बंधक बनाकर जबरन पिलाई पेशाब

By Ashish Meena
अप्रैल 24, 2026

MP News : मध्य प्रदेश के रायसेन में जो हुआ, उसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया. दबंगों ने न सिर्फ एक बुजुर्ग को बंधक बनाया, बल्कि उनके साथ ऐसी दरिंदगी की, जो दहला देने वाली है. मारपीट, अपहरण और फिर जबरन पेशाब पिलाने जैसी शर्मनाक वारदात ने झकझोर कर रख दिया है.

पूरा मामला रायसेन जिले के एक गांव का है. यहां रहने वाला एक युवक विदिशा जिले की एक नाबालिग लड़की को भगा ले गया था. लड़की पक्ष इस घटना से बुरी तरह नाराज था. उन्हें लड़का नहीं मिला, तो उन्होंने अपना गुस्सा उसके बुजुर्ग पिता पर उतारने का फैसला कर लिया.

7 मार्च की सुबह, लड़की पक्ष के 10 से 12 लोग दो कारों में सवार होकर बुजुर्ग के घर पहुंचे. पहले उन्होंने लड़का और लड़की के बारे में पूछताछ की. जब बुजुर्ग ने अनभिज्ञता जताई, तो दबंगों ने घर में ही उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. उनकी पत्नी को भी नहीं बख्शा गया.

इसके बाद आरोपियों ने लड़की की तलाश का बहाना बनाया और बुजुर्ग को जबरन अपने साथ गाड़ी में बैठा लिया. परिवार विरोध करता रहा, लेकिन दबंगों के सामने उनकी एक नहीं चली. बुजुर्ग को रायसेन से सीधे राजगढ़ जिले के एक गांव ले जाया गया.

वहां पहुंचने के बाद भी जब लड़का-लड़की का कोई सुराग नहीं मिला, तो आरोपियों का गुस्सा और भड़क उठा. उन्होंने बुजुर्ग को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा. उम्र और बेबसी का भी ख्याल नहीं रखा. हैवानियत की इंतहा तब हुई, जब शराब की बोतल में पेशाब भरकर उन्हें जबरन पिला दी गई.

इतना ही नहीं, आरोपियों ने इस पूरी शर्मनाक घटना का वीडियो भी बनाया. बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया. वीडियो सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया. जिसने भी यह वीडियो देखा, वह दंग रह गया.

वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस

घटना के बाद डरे-सहमे बुजुर्ग ने अपने परिवार के साथ पुलिस से गुहार लगाई. शुरुआत में मामला पुराना होने के कारण सामने नहीं आ पाया था, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई. रायसेन पुलिस ने तत्काल पीड़ित से संपर्क किया और पूरे मामले की जानकारी जुटाई.

पुलिस जांच में सामने आया कि यह घटना 7 मार्च की है. पीड़ित की शिकायत पर दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है. अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. चूंकि घटना रायसेन और राजगढ़, दोनों जिलों से जुड़ी है, इसलिए दोनों जिलों की पुलिस मिलकर कार्रवाई कर रही है.

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»