मध्यप्रदेश में चक्रवात ‘अर्नब’ का असर, 31 जिलों में अलर्ट, 5 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

By Ashish Meena
अक्टूबर 28, 2026

मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बादल, बारिश, आंधी और गरज-चमक की स्थिति बनने का अनुमान है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में मौसम प्रभावित रहने की संभावना जताई है। 29 अक्टूबर को इसका असर अधिक रहने का पूर्वानुमान है। इसी दिन करवा चौथ भी है, ऐसे में बादल छाए रहने और बारिश होने से कई स्थानों पर चांद के दीदार में परेशानी आ सकती है।

31 जिलों में बारिश की संभावना

बुधवार को प्रदेश के 31 जिलों में मौसम बदलने का अनुमान जताया गया है। सीधी, सिंगरौली, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में भारी बारिश की संभावना है। वहीं भोपाल, नर्मदापुरम, भिंड, दतिया, रायसेन, सीहोर, विदिशा, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, रीवा, सतना, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।

धार में एक दिन में 4.2 डिग्री गिरा तापमान

मौसम में बदलाव का असर तापमान पर भी दिखाई देने लगा है। धार में न्यूनतम तापमान मंगलवार के 15.4 डिग्री से गिरकर बुधवार सुबह 11.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इस तरह एक दिन में 4.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को यहां अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस रहा था। तापमान में गिरावट से सुबह और रात के समय ठंडक बढ़ने लगी है।

विंध्य में बादल, मैहर में हुई बूंदाबांदी

सतना सहित विंध्य क्षेत्र में बुधवार सुबह से बादल छाए रहे। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, 28 से 30 अक्टूबर के बीच बादल रहने और कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। मंगलवार को सतना में अधिकतम तापमान 31.4 और न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

मैहर में मौसम बदलने के साथ करीब 5 से 7 मिनट तक बूंदाबांदी हुई। इस दौरान सब्जी मंडी में दुकानदार अपने सामान को भीगने से बचाते नजर आए।

झाबुआ में सुबह ठंड, दोपहर में गर्मी

झाबुआ में सुबह और दोपहर के तापमान में अंतर बना हुआ है। 27 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री था, जो 28 अक्टूबर को घटकर 14.4 डिग्री सेल्सियस रह गया। यानी एक दिन में 3.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। सुबह ठंड बढ़ने के बावजूद दोपहर में तापमान 34 से 36 डिग्री के बीच रहने से गर्मी महसूस हो रही है।

मौसम विभाग के अनुसार, 30 अक्टूबर को जिले में हल्की बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

29 अक्टूबर को ज्यादा असर का अनुमान

मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, 29 अक्टूबर को चक्रवात का प्रभाव प्रदेश में अधिक देखने को मिल सकता है। इस दिन 11 जिलों में अति भारी और 9 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दिए जाने की जानकारी सामने आई है। अन्य जिलों में भी बादल, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। 30 और 31 अक्टूबर को भी मौसम का मिजाज बदला रह सकता है।

धान की फसल पर संकट, गेहूं की बुआई हो सकती है प्रभावित

बारिश का असर खेती-किसानी पर भी पड़ सकता है। पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर संभाग के बालाघाट और छिंदवाड़ा सहित कई जिलों में धान की फसल खेतों में खड़ी है। ऐसे में तेज बारिश से फसल को नुकसान होने की आशंका है। वहीं रीवा संभाग में किसान गेहूं की बुआई की तैयारी और काम में जुटे हैं। बारिश के कारण खेतों में नमी बढ़ने से बुआई प्रभावित हो सकती है।

जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में धान, सोयाबीन, मक्का, उड़द, अरहर और तिल जैसी खरीफ फसलें प्रमुख हैं। बारिश का वास्तविक असर इसकी तीव्रता और खेतों की स्थिति पर निर्भर करेगा।

शाजापुर में न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री

प्रदेश में रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। शाजापुर जिले के गिरवर क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शहडोल के कल्याणपुर और पचमढ़ी में 13.8 डिग्री, रायसेन में 14.5 डिग्री, कटनी के करौंदी में 14.7 डिग्री और दमोह में 15 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।

दूसरी ओर, दिन में कई स्थानों पर पारा 34 से 35 डिग्री के आसपास बना हुआ है। उज्जैन, भोपाल के बैरसिया, धार, खंडवा, खजुराहो, सागर, मंदसौर और नीमच के मरुखेड़ा में अधिकतम तापमान 34.3 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»