एक जिद ही तो थी…आयुषी हत्याकांड की कहानी, मां-मामा ने घोंट दिया था गला

By Ashish Meena
अगस्त 31, 2026

मालवा जंक्शन भोपाल।
भोपाल के पिपलानी में 17 वर्षीय आयुषी की हत्या मामले में पुलिस ने मां कमला और मामा विजय राय को गिरफ्तार किया है. शुरुआती जांच में पता चला है कि आयुषी अपनी पसंद के लड़के से शादी करना चाहती थी.

Bhopal Ayushi Murder Case: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के पिपलानी इलाके में 17 साल की किशोरी आयुषी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है. पुलिस ने मामले में मृतका की मां कमला और उसके मामा विजय राय को गिरफ्तार किया है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि आयुषी अपनी पसंद के युवक से शादी करना चाहती थी, जबकि उसकी मां बेटी की शादी अपनी पसंद के युवक से कराने के पक्ष में थी.

जानकारी के मुताबिक, शादी को लेकर मां-बेटी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. पुलिस अब इसी विवाद को हत्या की वजह मानकर मामले की जांच कर रही है और ऑनर किलिंग के एंगल को भी खंगाला जा रहा है. पुलिस के मुताबिक आयुषी अपनी मां के साथ घरों में साफ-सफाई और खाना बनाने का काम करती थी. परिवार में उसकी शादी की चर्चा चल रही थी. इसी दौरान आयुषी ने अपनी पसंद के युवक से शादी करने की इच्छा जताई थी.

क्या था पूरा मामला?

बताया जा रहा है कि उसकी मां कमला इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थी और वह बेटी की शादी अपनी पसंद के युवक से करवाना चाहती थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कई बार विवाद हुआ. जांच में सामने आया है कि 26 अगस्त को भी आयुषी की शादी को लेकर घर में विवाद हुआ था. पुलिस का आरोप है कि इसी दौरान कमला और उसके भाई विजय राय ने किशोरी का दुपट्टे से गला दबा दिया. इसके बाद आयुषी की मौत हो गई. हालांकि घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ, आरोपियों की भूमिका कितनी थी और हत्या किस परिस्थिति में हुई, इसे लेकर पुलिस अभी विस्तृत जांच कर रही है.

पुलिस ने शव को कब्जे में लिया

आयुषी की मौत के बाद परिजन कथित तौर पर उसका अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे थे. पुलिस को जब घटना की जानकारी मिली तो टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. पुलिस के अनुसार 29 अगस्त की शाम पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई. रिपोर्ट में किशोरी की मौत गला घोंटने के कारण होने की बात सामने आई. इसके बाद पिपलानी पुलिस ने मामले में हत्या की धाराओं के तहत FIR दर्ज की और रविवार तड़के आयुषी की मां कमला तथा मामा विजय राय को गिरफ्तार कर लिया.

शादी की जिद ने छीन ली जिंदगी

पुलिस की शुरुआती जांच में शादी को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद हत्या की प्रमुख वजह के तौर पर सामने आया है. आयुषी अपनी पसंद के युवक से विवाह करना चाहती थी, लेकिन उसकी मां इसका विरोध कर रही थी. इसी कारण पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि क्या किशोरी की पसंद की शादी को लेकर ही उसकी हत्या की गई.

फिलहाल पुलिस हत्या से पहले घर में हुए विवाद, आरोपियों की भूमिका, घटना के समय मौजूद लोगों और मौत के बाद शव के अंतिम संस्कार की तैयारी जैसे तमाम पहलुओं की जांच कर रही है. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के पीछे सिर्फ पारिवारिक विवाद था या इसके पीछे कोई अन्य वजह भी थी. फिलहाल मां और मामा पुलिस हिरासत में हैं और मामले की जांच जारी है.

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»