खातेगांव विधानसभा को बड़ी सौगात, ग्रामीण इलाकों की इन 10 सड़कों को मिली मंजूरी, टेंडर हुए जारी

By Ashish Meena
सितम्बर 29, 2026

मालवा जंक्शन, खातेगांव।
देवास जिले की खातेगांव विधानसभा के ग्रामीण इलाकों में सड़क संपर्क (रोड कनेक्टिविटी) को मजबूत और सुगम बनाने की दिशा में एक बहुत बड़ी सौगात मिली है। क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में आवागमन की समस्या को दूर करने के लिए मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत लगभग 11 किलोमीटर लंबाई की कुल 10 नई सड़कों के निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है। इन सड़कों के निर्माण कार्य पर कुल 9 करोड़ 43 लाख रुपए की राशि खर्च की जाएगी, जिसके लिए शासन स्तर पर टेंडर भी जारी किए जा चुके हैं।

इन क्षेत्रों को मिली सड़कों की सौगात

सिरालिया से जुनापानी मार्ग
एनएच-59ए से तकलीखेड़ा मार्ग
सगोनिया से भीमतल मार्ग
लिंगापानी से खातामऊ मार्ग
रिजगांव-बमणगांव पीएमजीएसवाई रोड से कुंगासा मार्ग
कनाबुजुर्ग से कोटकहेड़ी मार्ग
सक्तिया रोड से बंजारा टोला मार्ग
मुर्झल टर्नल रोड से शिवनगर मार्ग
कन्नौद-रतवाय रोड से बुरुटखेड़ा पठार मार्ग
कन्नौद-रतवाय रोड से रतवाय टप्पा मार्ग

ग्रामीणों और किसानों को मिलेगी बड़ी राहत

इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीण जनों को सबसे बड़ी सुविधा यह होगी कि वे बिना किसी परेशानी के मुख्य मार्गों, स्कूलों, बाजारों और स्वास्थ्य केंद्रों तक सुरक्षित आ-जा सकेंगे। विशेषकर किसानों के लिए यह किसी वरदान से कम नहीं होगा, क्योंकि पक्की सड़कें बनने से किसानों को अपनी फसल व कृषि उपज को खेतों से सीधे मंडियों तक ले जाने में आसानी होगी। इसके अलावा, बरसात के दिनों में कीचड़ और गड्ढों के कारण होने वाली आवागमन की गंभीर समस्याओं से भी ग्रामीणों को स्थायी रूप से निजात मिलेगी।

विधायक ने जताया आभार

क्षेत्र में सड़कों के जाल बिछने और विकास कार्यों को गति मिलने पर खातेगांव विधायक आशीष शर्मा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल का हार्दिक आभार व्यक्त किया है।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»