देवास जिले की खातेगांव तहसील में बड़ा हादसा, नर्मदा में डूबे 4 युवक, 3 की मौत, गांव में पसरा मातम
By Ashish Meena
मई 21, 2026
Khategaon News : देवास जिले के खातेगांव थाना क्षेत्र के दूरस्थ अंचल ग्राम राजोर में गुरुवार दोपहर दुखद घटना हो गई। नर्मदा नदी में नहाते समय तीन किशोर व युवक गहरे पानी वाले क्षेत्र में चले गए और डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण व तैराक मौके पर पहुंच गए और खातेगांव पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद टीम मौके पर पहुंची। काफी देर की मशक्कत के बाद तीनों के शव नदी से निकाल लिए गए।
क्या है मामला
खातेगांव थाना टीआई विजय सिंह लोधी ने बताया दोपहर में घटना उस समय हुई जब कुछ किशोर व युवक नर्मदा नदी में नहा रहे थे। इसी दौरान तीन लोग गहरे पानी में चले गए और डूब गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव बाहर निकाले गए।
शवों की पहचान हुई
इनकी पहचान सनी राव, गोलू राव और आयुष राव के रूप में हुई है। तीनों की उम्र 16 से 19 साल के बीच है। शव खातेगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाए गए हैं जहां पीएम करवाया जाएगा। मामले में मर्ग कायम करके जांच की जाएगी। उधर ग्रामीणों के अनुसार एक अन्य किशोर भी डूबने लगा था जिसे आसपास के कुछ लोगों ने बचा लिया था, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
