MP ब्रेकिंग: सरपंच पति की हत्या, हाईवे किनारे मिला शव, गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार के निशान, पुलिस ने 40 ग्रामीणों को हिरासत में लिया

By Ashish Meena
सितम्बर 11, 2026

मध्यप्रदेश के खंडवा-अमरावती स्टेट हाईवे किनारे शुक्रवार सुबह सरपंच पति का शव मिला है। बोरखेड़ा पंचायत के सरपंच के पति रूमसिंग की गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार किया गया है। सूचना मिलते ही पिपलोद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच शुरू की और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा रहा है। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

मामले में 40 से ज्यादा ग्रामीणों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। पुलिस पता कर रही है कि रूमसिंग को आखिरी बार किसने देखा था। घटना के समय हाईवे के आसपास कौन मौजूद था, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। रूमसिंग की हत्या से पहले गांव में सरपंच पक्ष और कुछ ग्रामीणों के बीच करीब एक सप्ताह से विवाद चल रहा था। दोनों पक्ष कलेक्टर कार्यालय की जनसुनवाई में अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे थे।

सरपंच पक्ष ने कुछ लोगों पर धमकाने और विवाद करने के आरोप लगाए थे, जबकि ग्रामीणों ने पंचायत के कामों में गड़बड़ी और भ्रष्टाचार की शिकायत की थी। पुलिस इन शिकायतों और विवाद की जानकारी जुटा रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि वारदात का इससे कोई संबंध है या नहीं।

जंगल के अतिक्रमण का विवाद भी सामने आया

रूमसिंग का नाम बोरखेड़ा के जंगल क्षेत्र में अतिक्रमण से जुड़े विवाद में भी रहा है। इसी मामले में पहले उनकी पत्नी और सरपंच ज्ञानीबाई के खिलाफ जिला पंचायत सीईओ स्तर से कार्रवाई कर उन्हें पद से हटाया गया था। बाद में हाईकोर्ट से उन्हें राहत मिल गई थी। बताया जा रहा है कि अतिक्रमण को लेकर कुछ लोगों से रूमसिंग की अनबन थी। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।

पुराने विवादों की जानकारी जुटा रही पुलिस

पिपलोद पुलिस गांव के लोगों से पूछताछ कर रूमसिंग के पुराने विवादों और घटना से पहले की गतिविधियों की जानकारी ले रही है। घटनास्थल के आसपास के लोगों और संभावित प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पुराने विवादों, अतिक्रमण और घटना से जुड़ी जानकारी के आधार पर हत्या की वजह और हमलावर का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।