MP: लोकार्पण के 24 घंटे में बह गई 3.93 करोड़ की सड़क, आनन-फानन में करा दिया अधूरी पुलिया का उद्घाटन
By Ashish Meena
जुलाई 6, 2026
मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में करोड़ों रुपए से निर्मित पुलिया का लोकार्पण के 24 घंटे बाद ही ढहने का मामला सामने आया है। पुलिया ढहने के बाद निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। बताया जाता है कि निर्माणाधीन पुलिया का लोकार्पण आनन-फानन में करा दिया गया। वहीं पीडब्ल्यूडी और ठेकेदार पर भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे है।
पुलिया और डामरीकृत सड़क का हिस्सा बह गया
दरअसल सिवनी में करोड़ों की लागत से बन रही सड़क पहली ही बारिश में बह गई। केवलारी विकासखंड के मोहबर्रा-सारसडोल मार्ग पर बनी पुलिया और सड़क का हिस्सा धंसने से निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। करीब 3 करोड़ 93 लाख रुपये की लागत से बने इस मार्ग का लोकार्पण 1 जुलाई को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने धान महोत्सव के दौरान किया था। 2 जुलाई की पहली बारिश में पुलिया और डामरीकृत सड़क का हिस्सा बह गया। इस घटना ने एक और गम्भीर लापरवाही को उजागर कर दिया है।
सड़क पर 3 पिलरों का काम अधूरा
बता दें कि इस सड़क का पूरा काम नहीं हुआ है। सड़क पर 3 पिलरों का काम अधूरा पड़ा है, इसके बावजूद मुख्यमंत्री से इस मार्ग का उद्घाटन करा दिया गया। घटना के बाद कई गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया है। लोगों ने निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उच्च स्तरीय जांच, दोषियों पर कार्रवाई और सड़क के जल्द पुनर्निर्माण की मांग की है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि सड़क की पुलिया क्षतिग्रस्त हुई है उसे क्षेत्र के पानी की निकासी के लिए बनाया गया था और बारिश अधिक होने से यह पुलिया क्षतिग्रस्त हुई है।
