लड़की से प्यार का इजहार करना पड़ा महंगा, युवक को खंभे से बांधकर इतना पीटा की हो गई मौत
By Ashish Meena
मई 5, 2026
ओडिशा के बालासोर जिले से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक साधारण प्रेम प्रस्ताव ने एक युवक की जान ले ली। यह मामला सिमुलिया थाना क्षेत्र का है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
जानकारी के मुताबिक, पुरुषोत्तमपुर पंचायत के रहने वाले सुभाष सुतार ने कंचपाड़ा पंचायत के अंतर्गत आने वाले बीरब्रह्मपुर गांव की एक लड़की को फोन पर प्रेम प्रस्ताव दिया था। यह बात जब लड़की के पिता भगवान कर को पता चली, तो मामले ने अचानक गंभीर मोड़ ले गया।
बताया जा रहा है कि लड़की के पिता भगवान कर ने युवक सुभाष को किसी तरह अपने पास बुलाया और फिर उसे एक वाहन में बैठाकर बीरब्रह्मपुर गांव ले आए। इसके बाद जो हुआ, वह बेहद क्रूर और अमानवीय था।
आरोप है कि सुभाष को गांव के आंगनवाड़ी केंद्र, जो कि बीरब्रह्मपुर स्कूल परिसर में स्थित है, वहां एक खंभे से बांध दिया गया। इसके बाद उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। इस दौरान उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी हालत बेहद नाजुक हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सुभाष को वहां से छुड़ाया गया और तुरंत सिमुलिया अस्पताल ले जाया गया। लेकिन उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई, जिसके चलते उसे भद्रक अस्पताल रेफर किया गया। भद्रक अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में गुस्सा और डर का माहौल है।
