स्कूल ऑनलाइन हों, कंपनियां वर्क फ्रॉम होम दें, सोने की खरीद न करें, पेट्रोल-डीजल पर बचत…PM मोदी ने 24 घंटे में दूसरी बार देशवासियों से की अपील

By Ashish Meena
मई 11, 2026

प्रधानमंत्री मोदी ने लगातार दूसरे दिन लोगों से ईंधन और संसाधनों का कम इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जहां संभव हो पेट्रोल डीजल का उपयोग कम करें और मेट्रो, इलेक्ट्रिक बस और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करें।

वडोदरा में मोदी ने कहा कि जैसे देश ने मिलकर कोरोना संकट का सामना किया था, वैसे ही मौजूदा संकट से भी देश बाहर निकल जाएगा। विदेश में रहने वाले भारतीयों से कहूंगा कि कम से कम पांच विदेशी मेहमानों को भारत घुमाने लाइए। उन्होंने कहा- सोने के आयात पर भी देश का बहुत बड़ा पैसा विदेश जाता है। जब तक हालात सामान्य न हों हम सोने की खरीद टालें। गोल्ड की जरूरत नहीं है।

मोदी ने खाने के तेल की खपत कम करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि खाद्य तेल के आयात पर भी देश की बड़ी विदेशी मुद्रा खर्च होती है। अगर लोग खाने के तेल का कम उपयोग करें तो इससे देश और शहर दोनों को फायदा होगा।

पोकरण परमाणु परीक्षण पर मोदी बोले- दुनिया हिल गई थी

इससे पहले मोदी सोमनाथ मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा के 75 साल पूरे होने के मौके पर कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा- आज का दिन एक और वजह से भी खास है। आज के ही दिन 11 मई 1998 को देश ने पोकरण में परमाणु परीक्षण किया था। तब दुनिया भर की शक्तियां भारत को दबोचने मैदान में उतर गई थीं।

PM ने कहा- भारत के लिए सारे रास्ते बंद कर दिए गए थे। लेकिन हम डरे नहीं, डटे रहे। भारत ने पोकरण परमाणु परीक्षण को ऑपरेशन शक्ति नाम दिया था। क्योंकि शिव के साथ शक्ति आराधना ही हमारी परंपरा रही है। मैं भगवान सोमनाथ के चरणों में नमन करते हुए ऑपरेशन शक्ति की बधाई देता हूं।

PM बोले- भारत को कोई झुका नहीं सकता

सोमनाथ हमें याद दिलाता है कि कोई भी राष्ट्र तब तक मजबूत नहीं बन सकता, जब तक वह अपनी जड़ों से जुड़ा न रहे।
भारत में विरासत और आधुनिकता एक-दूसरे से अलग नहीं हैं, दोनों साथ-साथ चलते हैं।
हमारे देश में सांस्कृतिक और पवित्र स्थलों के पुनर्निर्माण को लेकर काफी राजनीति हुई है। दुर्भाग्य से आज भी ऐसी ताकतें हैं, जो राष्ट्रीय स्वाभिमान से ज्यादा तुष्टिकरण को महत्व देती हैं।
लुटेरों ने सोमनाथ मंदिर की भव्यता मिटाने की कोशिश की। इस मंदिर को बार-बार तोड़ा गया, लेकिन हर बार इसका पुनर्निर्माण हुआ।
दुनिया की कोई ताकत भारत को झुका नहीं सकती और न ही दबा सकती है।

वाजपेयी सरकार में हुआ था दूसरा परमाणु परीक्षण

11 मई 1998 को अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में भारत ने अपना दूसरा परमाणु परीक्षण किया था। यह काफी गोपनीय ऑपरेशन था। इसकी तैयारियां इतनी गुप्त थीं कि विदेशी खुफिया एजेंसियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। इन परीक्षणों के जरिए भारत ने दुनिया को अपनी रणनीतिक और वैज्ञानिक ताकत दिखाई। लेकिन परमाणु परीक्षणों के बाद अमेरिका, जापान और कुछ पश्चिमी देशों ने भारत पर कई आर्थिक और तकनीकी प्रतिबंध लगाए थे।

जोखिम माने जानी वाली फील्ड अब युवाओं की पसंद बन रहे हैं: पीएम

पीएम ने कहा- आज छोटे शहरों के युवा भी उद्यमी बन रहे हैं। छोटे शहरों से ही बड़ी-बड़ी स्टार्टअप कंपनियां उभर रही हैं। स्टार्टअप कंपनियों में महिलाओं की भागीदारी भी लगातार बढ़ रही है। जिन क्षेत्रों को पहले जोखिम भरा माना जाता था… वे अब युवाओं की पहली पसंद बन रहे हैं।

आज शिक्षा के क्षेत्र में जमीनी हकीकतों के आधार पर काम हो रहा है: पीएम

पीएम ने कहा- आपके कार्यक्रमों का हिस्सा बनना मेरे लिए हमेशा ही बहुत सुखद होता है और लगता है कि घर में आया हूं। बदलाव व्यापक हो, और परिणाम स्थायी हों… इसके लिए समाज और सरकार को मिलकर काम करना आवश्यक होता है। इसलिए, आज शिक्षा के क्षेत्र में जमीनी हकीकतों के आधार पर काम हो रहा है।

जिन समाजों ने शिक्षा को प्राथमिकता दी है। वे समाज आगे बढ़े हैं: पीएम

पीएम ने कहा- आपके बीच आकर समाज की शक्ति का अहसास होता है। हम सभी जानते हैं कि जब भी कहीं पर वास्तविक बदलाव होता हो, वो समाज की सामूहिक ताकत से ही होता है। खासकर जिन-जिन समाजों ने शिक्षा को प्राथमिकता दी है। वह समाज हमेशा आगे बढ़े हैं। उन्होंने नई ऊचाईंयों को छुआ है। इसलिए सरदारधाम के हर प्रयास में जब भी मुझे मौका मिलता है। मैं हमेशा आपके साथ खड़ा होने के प्रयास करता हूं।

बंगाल, असम और पुडुचेरी के नतीजों से पूरे देश में उत्साह का माहौल है: पीएम

हाल ही में संपन्न हुए चुनावों को लेकर उन्होंने कहा- आपके बीच आया हूं तो एक और बात की खुशी है। बंगाल, असम और पुडुचेरी के नतीजों ने पूरे देश में ही उत्साह का माहौल बना दिया है। उसके साथ साथ आप सभी ने भी मिलकर रिकॉर्ड बनाया है। ग्राम पंचायत और निकाय चुनाव की देश भर में चर्चा हो रही है। गुजरात के लोग राजनीतिक दूरदर्शी हैं और इसके नतीजे आज पूरा गुजरात में विकास के रूप में दिखाई भी दे रहे हैं।

सोमनाथ मंदिर का जीर्णोद्धार सरदार पटेल के संकल्प से ही साकार हुआ: पीएम

आज का दिन किसी पवित्र त्योहार से कम नहीं है। यहां आने से पहले मैं सोमनाथ में था। सोमनाथ मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को 75 वर्ष पूरे हो चुके हैं। सोमनाथ मंदिर का जीर्णोद्धार… यह सपना सरदार पटेल के संकल्प से ही साकार हुआ। इस अवसर पर प्रभास पाटन में सोमनाथ अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। और इसी दिन वडोदरा में सरदार धाम से जुड़ी एक अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना का उद्घाटन और शिलान्यास भी हो रहा है।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।