देवास जिले में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, खेत बखरने के दौरान हुआ हमला, तीन लोग गंभीर रूप से घायल

By Ashish Meena
जुलाई 3, 2026

मालवा जंक्शन, देवास।

देवास जिले के सोनकच्छ इलाके में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। देवगुराड़िया में खेत बखरने के दौरान हुए इस हमले में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायलों की पहचान निर्भय गुर्जर, जितेंद्र गुर्जर और शांतिलाल गुर्जर के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि वे अपने खेत पर काम कर रहे थे और खेत बखरने का काम चल रहा था, तभी कुछ लोगों ने उन पर डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया।

घायलों ने आरोप लगाया है कि हमलावर उनकी जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं। इसी विवाद के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया। शांतिलाल गुर्जर ने बताया कि वे विवाद शांत कराने पहुंचे थे, लेकिन उन पर भी हमला कर दिया गया।

हमले में तीनों घायलों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। एक घायल के सिर पर 20 से अधिक टांके लगाए गए हैं। पीड़ितों का यह भी आरोप है कि हमलावरों ने खेत पर ले जाए गए ट्रैक्टर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। तीनों घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।