MP में बाइक सवार 3 दोस्तों की मौत, शादी समारोह से लौट रहे थे
By Ashish Meena
अप्रैल 19, 2026
मध्यप्रदेश के आलीराजपुर के बोरी गांव में बाइक सवार तीन दोस्तों को वाहन ने टक्कर मार दी। दो की मौके पर मौत हो गई। वहीं, एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसा शनिवार देर रात करीब 1 बजे उनके घर से करीब 100 मीटर दूर हुआ।
मृतकों की पहचान अनिल (14) पिता अभय सिंह निवासी देवधा, थाना बाग), रोशन (17) पिता रमेश निवासी बड़ी बीड़, थाना बोरी और सावन (14) पिता धनराज निवासी रतनपुरा, थाना बोरी के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक बोरी से करीब तीन किलोमीटर दूर चुलिया गांव में दोस्त के यहां शादी थी। तीनों एक ही बाइक से समारोह में शामिल होने गए थे। रात करीब 1 बजे बाइक से तीनों घर की ओर आ रहे थे। दूसरी बाइक पर अन्य दोस्त सवार थे। इसी दौरान वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। दो की मौके पर ही मौत हो गई।
दूसरी बाइक पर सवार दोस्त उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। तीनों के माता-पिता किसान हैं। तीनों पढ़ाई नहीं करते थे। सावन ने एक साल पहले ही पढ़ाई छोड़ दी थी।
