बड़ा अग्निकांड…400 कारें जलकर राख, लपटों से घिरा दिखा पूरा गोदाम, इलाके में मची अफरा-तफरी

By Ashish Meena
मई 8, 2026

महाराष्ट्र के नागपुर में गुरुवार दोपहर एक पुराने कार गोदाम में भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते करीब 400 कारें, स्पेयर पार्ट्स और टायर जलकर राख हो गए. आग बुझाने के लिए कई घंटों तक दमकल विभाग को मशक्कत करनी पड़ी.

यह घटना खैरी-कन्हान मार्ग स्थित तारानगर इलाके की है. यहां पुराने वाहनों के गोदाम में आग लगी. आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही देर में पूरा गोदाम लपटों से घिर गया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई. यह गोदाम मनोज नागदेवे और उनके साथियों का है. यहां पुरानी कारें, उनके स्पेयर पार्ट्स, टायर और अन्य सामान रखने के साथ मरम्मत की गई पुरानी गाड़ियों को भी रखा जाता था.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार की दोपहर अचानक गोदाम से धुआं उठता दिखाई दिया. देखते ही देखते आग तेजी से फैलने लगी और उसने पूरे परिसर को चपेट में ले लिया. आग की ऊंची-ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था.

घटना के समय गोदाम में मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई और दमकल विभाग को सूचना दी. आग की गंभीरता को देखते हुए नागपुर महानगरपालिका, कामठी और येरखेड़ा समेत आसपास के इलाकों से करीब 15 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया. दमकल कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक गोदाम में खड़ी करीब 400 पुरानी कारें पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थीं. इसके अलावा बड़ी मात्रा में स्पेयर पार्ट्स, टायर और अन्य सामग्री भी आग में नष्ट हो गई.

आग लगने के बाद कुछ समय तक पूरा इलाका धुएं से भर गया था, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया. हालांकि आग लगने की असली वजह का अभी तक पता नहीं चल पाया है. पुलिस और फायर विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है. वहीं गोदाम मालिक को हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है.

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।