खातेगांव टीआई दिलीप पुरी की हत्या के मामले में पत्नी कविता ने किया सनसनीखेज खुलासा, कहा- नेता ने दी थी धमकी

By Ashish Meena
नवम्बर 4, 2026

मालवा जंक्शन, खातेगांव।
खातेगांव टीआई दिलीप पुरी की हत्या के मामले में अब उनकी पत्नी कविता ने चौंकाने वाला आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सेंधवा में पदस्थापना के दौरान उनके पति को लगातार परेशान किया जाता था और एक नेता ने उन्हें धमकी तक दी थी कि पुरी को नहीं छोड़ेंगे। पत्नी के इस आरोप के बीच मंगलवार को टीआई को ट्रक से कुचलकर मारने वाले मुख्य आरोपी ड्राइवर गजेंद्र उर्फ अक्कू और क्लीनर धीरज मंडलोई का पुलिस के साथ शॉर्ट एनकाउंटर हो गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने भागने की कोशिश की थी। जवाबी फायरिंग में दोनों के पैरों में गोली लगी। उधर, हत्याकांड की जांच में हरदा से गुजरात तक फैले करोड़ों रुपये के अवैध शराब कारोबार और कथित राजनीतिक कनेक्शन का भी खुलासा हुआ है।

पुलिस से हथियार छीनकर भागने लगा ड्राइवर

पुलिस के अनुसार, टीआई दिलीप पुरी को ट्रक से कुचलकर मारने के मामले में मुख्य आरोपी गजेंद्र उर्फ अक्कू पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने उसे आलीराजपुर जिले के चंद्रशेखर आजाद नगर से गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस टीम उसे देवास लेकर आ रही थी। इसी दौरान बरोठा थाना क्षेत्र में आरोपी ने पुलिसकर्मियों से हथियार छीन लिया और भागने की कोशिश की। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं रुका। इसके बाद पुलिस की जवाबी फायरिंग में गजेंद्र के दाहिने पैर में गोली लगी। उसके साथ मौजूद क्लीनर धीरज मंडलोई भी फायरिंग में घायल हो गया। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

हरदा से गुजरात तक फैला अवैध शराब का नेटवर्क

टीआई हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस को अवैध शराब के बड़े सिंडिकेट की जानकारी मिली है। जांच में सामने आया कि इस नेटवर्क का संचालन हरदा के टिमरनी से लेकर गुजरात तक फैला हुआ था। पुलिस के मुताबिक, इस नेटवर्क के जरिए रोजाना करीब 15 लाख रुपये की शराब का कारोबार किया जा रहा था। जांच में यह भी दावा किया गया है कि इस अवैध कारोबार से मिलने वाली रकम में से रोजाना 2 से 4 लाख रुपये कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल के घर पहुंचते थे। पुलिस को राहुल के मुनीम से जुड़े रिकॉर्ड में दो महीने के दौरान करीब डेढ़ से दो करोड़ रुपये के लेन-देन का हिसाब मिला है।

इस मामले में मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल, आलीराजपुर के केरम सिंह और इंदौर के वकील विजय राव को कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस के मुताबिक, विजय राव आरोपियों के कानूनी मामलों को देखने के साथ मध्यप्रदेश और गुजरात के बीच सक्रिय शराब तस्करी नेटवर्क में मध्यस्थ की भूमिका निभाता था। जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और आर्थिक लेन-देन की जानकारी जुटा रही हैं।

पत्नी कविता का आरोप- सेंधवा के एक नेता ने दी थी धमकी

शहीद टीआई दिलीप पुरी की पत्नी कविता ने पति की सेंधवा में पदस्थापना के दौरान उन्हें परेशान किए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उस दौरान एक नेता ने धमकी देते हुए कहा था कि पुरी को नहीं छोड़ेंगे। पत्नी के इस बयान के बाद मामले में पुराने विवादों और कथित धमकियों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। कविता के आरोपों के बीच परिवार ने सरकार से सहायता और नौकरी की मांग भी रखी है। मंगलवार को डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने दिलीप पुरी के पिता की मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से फोन पर बात कराई। इस दौरान पिता ने अपनी बहू को सब इंस्पेक्टर के पद पर नियुक्ति देने की मांग की। परिवार की इच्छा है कि कविता को इंदौर में ही पदस्थ किया जाए। इसके लिए आईजी कार्यालय या पुलिस कमिश्नर कार्यालय में नियुक्ति देने का आग्रह किया गया है।

अवैध शराब के खिलाफ पूरे प्रदेश में चलेगा अभियान

टीआई दिलीप पुरी की हत्या और उसके पीछे सामने आए अवैध शराब नेटवर्क के बाद सरकार ने भी सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने डीजीपी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को प्रदेशभर में अभियान चलाने की कार्ययोजना तैयार करने को कहा है। सरकार का जोर अवैध शराब की तस्करी, उसके भंडारण और बिक्री से जुड़े नेटवर्क को तोड़ने पर है। अब पुलिस अधिकारियों को इस अभियान की रणनीति तैयार कर प्रस्तुत करनी होगी।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»