किसानों के लिए जरूरी खबर, इस बार गेहूं-चना, मसूर-सरसों का कितना है समर्थन मूल्य, चने का MSP 225 रुपए बढ़ा
By Ashish Meena
मार्च 3, 2026
MP Kisan : मध्य प्रदेश के किसानों के लिए इस बार गेहूं, चना, सरसों और मसूर की खरीदी पर अच्छा फायदा होने वाला है. क्योंकि केंद्र और राज्य सरकार की तरफ से इन फसलों का समर्थन मूल्य पहले ही तय हो चुका है. राज्य सरकारों ने भी फसलों पर बोनस देने का फैसला किया है.
ऐसे में यह भी जानना जरूरी है कि किसानों को 2026 की खरीदी पर गेहूं, चना, मसूर और सरसों की फसल का समर्थन मूल्य कितना मिलेगा. गेहूं खरीदी के लिए मध्य प्रदेश में रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. जबकि, सीएम मोहन यादव ने हाल ही में सरसों की फसल पर भी बोनस देने का फैसला किया है.
Also Read – भारतीयों की सुरक्षा के लिए सभी देशों के…मिडिल ईस्ट में छिड़ी जंग पर PM मोदी ने दिया बड़ा बयान
मध्य प्रदेश में फसलों की खरीदी
मध्य प्रदेश में रबी की फसलों को लेकर लगातार अपडेट आ रहे हैं. एमपी में इस बार भी गेहूं, चना, मसूर और सरसों की फसल की बंपर खरीदी होने की उम्मीद की जा रही है. ऐसे में यह भी जानना जरूरी है कि किस फसल का इस बार कितना समर्थन मूल्य तय किया गया है.
गेहूं का समर्थन मूल्य
मध्य प्रदेश में इस बार गेहूं का समर्थन मूल्य 2600 रुपए प्रति क्विंटल रहेगा. केंद्र सरकार ने गेहूं का समर्थन मूल्य 2585 रुपए तय किया है, जबकि, 15 रुपए का बोनस राज्य सरकार की तरफ से दिया जाएगा. वहीं गेहूं खरीदी के लिए रजिस्ट्रेशन के लिए आखिरी तारीख 7 मार्च है. जबकि गेहूं खरीदी 15 मार्च तक शुरू हो सकती है.
चना का समर्थन मूल्य
चने की फसल का समर्थन मूल्य इस बार 5 हजार 875 प्रति क्विंटल रखा गया है. इस बार चने में 225 रुपए का इजाफा हुआ है. यह पिछले वर्ष 5,650 रुपये प्रति क्विंटल था. चने के पंजीयन भी शुरू हो चुके है. फसल बेचने के लिए पंजीयन की आखिरी तारीख 16 मार्च तय की गई है. 20 मार्च के बाद खरीदी शुरू हो सकती है.
मसूर का समर्थन मूल्य
मसूर फसल के समर्थन मूल्य में भी इस बार बढ़ोत्तरी हुई है. मसूर का समर्थन मूल्य इस बार सरकार की तरफ से 7,000 रुपए तय किया गया है. पिछले साल की तुलना में इस बार 300 रुपए का इजाफा हुआ है. मसूर फसल के पंजीयन की भी आखिरी तारीख 16 मार्च है.
सरसों का समर्थन मूल्य
मध्य प्रदेश सरकार ने इस बार किसानों को खुशखबरी दी है. जहां सरसों की फसल पर भी बोनस मिलेगा. इस बार सरसों का समर्थन मूल्य 6,200 प्रति क्विंटल तय किया गया है. पिछले साल की तुलना में 250 रुपए की बढ़ोत्तरी है. जबकि सरसों की खरीदी पर 600 रुपए का बोनस दिया जाएगा.
एमपी में कब से होगी खरीदी
सरकार की तरफ से अब तक खरीदी की तारीख तय नहीं की गई है. लेकिन, गेहूं, चना, मसूर और सरसों चारों फसलों का पंजीयन जारी है. ऐसे में माना जा रहा है कि मार्च के आखिरी हफ्ते या फिर अप्रैल के शुरुआत में खरीदी की तारीख तय कर दी जाएगी.
