PM किसान योजना: 22वीं किस्त के ₹2000 नहीं आए? ये छोटी-सी गलती रोक सकती है आपका पैसा
By Ashish Meena
मार्च 15, 2026
देश के करोड़ों किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना एक बड़ी आर्थिक मदद बन चुकी है। हर साल सरकार किसानों के खाते में 6000 रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर करती है। यह रकम तीन किस्तों में दी जाती है ताकि किसानों को खेती के खर्च में मदद मिल सके।
हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के गुवाहाटी से इस योजना की 22वीं किस्त जारी की है। करोड़ों किसानों के खाते में 2000 रुपये पहुंच चुके हैं। लेकिन कई किसानों को अभी भी यह राशि नहीं मिली है। अगर आपके खाते में भी पीएम किसान की 22वीं किस्त नहीं आई है, तो इसके पीछे कुछ सामान्य कारण हो सकते हैं जिन्हें ठीक करके पैसा प्राप्त किया जा सकता है।
Read More: सरकारी शादी में गड़बड़ी! बारातियों को मिला सिर्फ आचार-पूरी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लौटीं भूखी
PM किसान योजना क्या है और किसानों को कैसे मिलता है लाभ
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना केंद्र सरकार की सबसे बड़ी किसान कल्याण योजनाओं में से एक है। इस योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को हर साल 6000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि 2000 रुपये की तीन किस्तों में हर चार महीने के अंतराल पर सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है।
सरकार इस योजना के तहत डीबीटी यानी डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से पैसा सीधे किसानों के खाते में ट्रांसफर करती है। इससे बिचौलियों की भूमिका खत्म हो जाती है और लाभ सीधे किसानों तक पहुंचता है।
13 मार्च 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस योजना की 22वीं किस्त जारी की। इस दौरान 9 करोड़ 32 लाख से ज्यादा किसानों के बैंक खातों में 18,640 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की गई। फिर भी कई किसान ऐसे हैं जिनके खाते में यह 2000 रुपये की किस्त अभी तक नहीं पहुंची है। इसके पीछे कुछ तकनीकी और दस्तावेज से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं।
PM किसान की 22वीं किस्त क्यों रुक सकती है
अगर आपके खाते में पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त नहीं आई है, तो इसके पीछे कुछ सामान्य कारण हो सकते हैं। सबसे पहला कारण eKYC का पूरा न होना है। सरकार ने सभी लाभार्थियों के लिए eKYC अनिवार्य कर दिया है। अगर किसान ने अभी तक eKYC नहीं कराया है तो उसकी किस्त रुक सकती है।
दूसरा बड़ा कारण भूमि सत्यापन यानी लैंड वेरिफिकेशन का अधूरा होना है। कई राज्यों में किसानों के खेतों का रिकॉर्ड सत्यापित किया जा रहा है। अगर भूमि से जुड़ी जानकारी पूरी नहीं है तो किस्त जारी नहीं होती। तीसरा कारण बैंक खाते से आधार लिंक न होना है। अगर बैंक खाते में आधार सीडिंग नहीं हुई है या डीबीटी सक्रिय नहीं है तो पैसा खाते में नहीं पहुंचता।
इसके अलावा आवेदन फॉर्म में नाम, मोबाइल नंबर, आधार नंबर या पता गलत दर्ज होने से भी किस्त अटक सकती है। इसलिए यह जरूरी है कि किसान अपनी जानकारी सही तरीके से अपडेट रखें।
कैसे करें eKYC ताकि किस्त न रुके
PM किसान योजना में eKYC सबसे जरूरी प्रक्रिया बन चुकी है। अगर आपने अभी तक eKYC नहीं कराया है तो आपकी किस्त रुक सकती है। किसान पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाकर OTP के माध्यम से eKYC कर सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी CSC सेंटर पर जाकर भी यह प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
आजकल सरकार ने मोबाइल ऐप के माध्यम से भी eKYC की सुविधा दी है। किसान Google Play Store से PM-Kisan App और Aadhaar Face RD App डाउनलोड करके फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए भी eKYC कर सकते हैं। यह प्रक्रिया बहुत आसान है और इसे पूरा करने के बाद आपकी रुकी हुई किस्त जारी हो सकती है।
बैंक खाते में DBT और आधार लिंक होना क्यों जरूरी
PM किसान योजना के तहत पैसा सीधे बैंक खाते में भेजा जाता है। इसलिए यह जरूरी है कि किसान का बैंक खाता आधार से लिंक हो और DBT सक्रिय हो।अगर बैंक खाते में NPCI लिंक नहीं है या DBT बंद है तो पैसा ट्रांसफर नहीं हो पाता। ऐसी स्थिति में किसान को अपने बैंक शाखा में जाकर आधार सीडिंग और DBT एक्टिवेशन करवाना चाहिए। इसके लिए किसान को बैंक पासबुक और आधार कार्ड लेकर बैंक जाना होगा। बैंक अधिकारी आपके खाते को आधार से लिंक कर देंगे और NPCI अपडेट कर देंगे। यह प्रक्रिया पूरी होते ही अगली किस्त आपके खाते में आसानी से पहुंच सकती है।
भूमि सत्यापन क्यों जरूरी है
PM किसान योजना का लाभ केवल उन्हीं किसानों को मिलता है जिनके पास कृषि भूमि है। इसलिए कई राज्यों में भूमि सत्यापन की प्रक्रिया शुरू की गई है। अगर किसान का भूमि रिकॉर्ड सत्यापित नहीं हुआ है तो उसकी किस्त रोक दी जाती है। इस स्थिति में किसान को अपने नजदीकी कृषि विभाग के कार्यालय में जाकर आवश्यक दस्तावेज जमा करने होते हैं।
भूमि सत्यापन के लिए किसान को खसरा, खतौनी और पीएम किसान रजिस्ट्रेशन नंबर जैसे दस्तावेज देने पड़ सकते हैं। दस्तावेजों की जांच के बाद लैंड सीडिंग पूरी कर दी जाती है और किसान की किस्त जारी हो जाती है।
PM किसान लाभार्थी सूची में अपना नाम कैसे देखें
अगर किसान यह जानना चाहते हैं कि उनका नाम पीएम किसान योजना की सूची में है या नहीं, तो वे आसानी से ऑनलाइन चेक कर सकते हैं। इसके लिए किसान को पीएम किसान योजना की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाना होगा। वहां Farmer Corner का विकल्प दिखाई देगा।
Farmer Corner पर क्लिक करने के बाद Beneficiary List का विकल्प चुनना होगा। इसके बाद राज्य, जिला, ब्लॉक और गांव का नाम चुनना होगा। Get Report पर क्लिक करते ही आपके गांव की लाभार्थी सूची सामने आ जाएगी। अगर इस सूची में आपका नाम है तो आपको योजना का लाभ मिलेगा।
