खातेगांव: सूखे कुएं में मिला मिस्त्री का शव, परिजनों ने किया चक्काजाम, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा खुलासा
By Ashish Meena
मार्च 24, 2026
खातेगांव। देवास जिले के खातेगांव क्षेत्र के अजनास गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सोमवार रात से लापता एक 50 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक सूखे कुएं में पाया गया। मृतक की पहचान मिस्त्री अनवर खान के रूप में हुई है। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में तनाव फैल गया और परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या करार देते हुए सड़क पर चक्काजाम कर दिया।

लापता होने के बाद स्कूल के पास मिला शव
जानकारी के अनुसार, अनवर खान सोमवार रात से ही घर से लापता थे। परिजन उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन मंगलवार को गांव के सरकारी स्कूल के समीप स्थित एक सूखे कुएं में उनका शव दिखाई दिया। ग्रामीणों की सूचना पर खातेगांव पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला गया।
20 मिनट तक रहा चक्काजाम
घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने खातेगांव-सतवास रोड पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। करीब 20 मिनट तक चले इस प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। परिजनों का सीधा आरोप है कि अनवर खान की मौत कोई हादसा नहीं बल्कि हत्या है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि संदिग्धों को जल्द से जल्द हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की जाए।
पुलिस की समझाइश और जांच का भरोसा
मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने रोते-बिलखते परिजनों को ढांढस बंधाया और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। पुलिस ने परिजनों से कहा कि यदि उन्हें किसी विशेष व्यक्ति पर संदेह है, तो वे तत्काल पुलिस को जानकारी दें। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मौत के सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम (PM) रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस की समझाइश के बाद परिजन सड़क से हटने को तैयार हुए और चक्काजाम समाप्त किया गया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को खातेगांव अस्पताल के मर्चुरी में रखवाया है। बुधवार को डॉक्टरों की टीम शव का पोस्टमार्टम करेगी। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर हर संभावित पहलू से मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।
