MP में दर्दनाक हादसा, ऑटो पर पलटा ट्रक, दूल्हा-दुल्हन समेत 4 की मौत, शादी कर लौट रहे थे घर

By Ashish Meena
अप्रैल 11, 2026

मध्य प्रदेश के शिवपुरी में मुर्गी दाना से भरा ट्रक सड़क किनारे खड़े ऑटो पर पलट गया। हादसे में दूल्हा-दुल्हन समेत चार लोगों की मौत हो गई। घटना सिरसौद थाना क्षेत्र के टोंगरा रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास शनिवार दोपहर करीब 12 बजे हुई।

जानकारी के अनुसार, तेंदुआ थाना क्षेत्र के राजगढ़ गांव निवासी वीरेंद्र शाक्य (25) की शादी शुक्रवार को शिवपुरी की संजय कॉलोनी निवासी राजेश्वरी शाक्य से हुई थी। दोनों ने संजय कॉलोनी के एक मंदिर में परिवार की मौजूदगी में विवाह किया था।

मुर्गी दाने से भरा था ट्रक, ऑटो पर पलट गया

शनिवार को शादी के बाद दूल्हा-दुल्हन, दूल्हे की मां अन्वेश शाक्य (50), भाभी राजो शाक्य (22) बहन भूरिया शाक्य (19) ड्राइवर के साथ ऑटो से राजगढ़ गांव के लिए रवाना हुए थे। टोंगरा रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास रिक्शा ड्राइवर ने वाहन खड़ा किया था।

इस दौरान ड्राइवर और दूल्हे की बहन पास की दुकान पर चले गए थे। तभी मुर्गी दाना से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर ऑटो पर पलट गया। ऑटो में बैठे दूल्हा-दुल्हन, दूल्हे की मां और भाभी ट्रक के नीचे दब गए।

करीब आधे घंटे बाद जेसीबी से निकाले गए शव

दबे लोगों को निकालने के लिए जेसीबी की मदद लेनी पड़ी। करीब आधे घंटे बाद सभी को निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।

दूल्हे की बहन की लगन आज होने वाली थी

जानकारी के मुताबिक, दूल्हे की बहन भूरिया शाक्य की लगन आज राजगढ़ गांव में होनी थी। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। परिवार के सदस्य दुल्हन की विदाई के साथ इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»