पिता ने दो जुड़वा बेटियों का गाला काटा, हत्या के बाद लाश के पास बैठा रहा, पुलिस से बोला- मैंने अपनी बच्चियों को मार डाला, आप आ जाइए

By Ashish Meena
अप्रैल 19, 2026

उत्तर प्रदेश के कानपुर में रविवार तड़के 45 साल के पिता ने अपनी 11 साल की दो जुड़वा बेटियों की हत्या कर दी। पिता ने कमरे में बेटियों का गला रेत दिया। लाश के पास बैठा रहा। खुद ही पुलिस को कॉल किया। बोला- मैंने अपनी बच्चियों को मार डाला है। आप लोग आ जाइए।

पुलिस जब आरोपी के घर पहुंची तो दरवाजा बंद था। पुलिस ने घंटी बजाई तो पत्नी ने दरवाजा खोला। पुलिस देखकर पत्नी घबरा गई। पूछा-क्या हो गया। तब पुलिस ने पति के कॉल वाली बात बताई।

पत्नी भागते हुए पति के कमरे में पहुंची तो देखा बच्चियों के खून से लथपथ शव फर्श पर पड़े हुए थे। आरोपी पिता शशि रंजन मिश्रा लाश के बगल में बैठा हुआ था। पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

Also Read – MP में बाइक सवार 3 दोस्तों की मौत, शादी समारोह से लौट रहे थे

आरोपी शशि रंजन दवा कंपनी में एमआर (मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव) है। वह नौबस्ता थाने के किदवई नगर में त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में पत्नी रेशमा छेत्री और तीन बच्चे रिद्धी, सिद्धी और 6 साल के बेटे गन्नू के साथ रहते थे। बेटियों की हत्या के बाद बदहवास रेशमा ने रोते हुए कहा- पति को आज ही फांसी दे दी जाए।

डीसीपी (दक्षिण) दीपेंद्र नाथ चौधरी ने कहा- रविवार तड़के 4.30 बजे 112 नंबर पर आरोपी ने खुद कॉल करके बेटियों की हत्या की सूचना दी। पुलिस जब फ्लैट पर पहुंची तो दोनों बेटियों रिद्धी, सिद्धी का शव फर्श पर अगल-बगल पड़ा था। पूरे कमरे में खून फैला था। पास में चाकू पड़ा था।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी पति को पत्नी के चरित्र पर शक था। पल-पल निगरानी रखता था। घर के कमरे तक में उसने सीसीटीवी लगवा रखे थे। हालांकि, बेटियों की हत्या क्यों की? इसकी वजह अभी साफ नहीं हो पाएगी।

12 साल पहले लव मैरिज हुई थी

पत्नी रेशमा (40 साल) ने बताया- मैं बंगाल के सिलीगुड़ी की रहने वाली हूं। पति बिहार के रहने वाले हैं। कानपुर में मेंस पार्लर में जॉब करती थी। इसी दौरान मेरी मुलाकात शशि रंजन से हुई। 2014 में हम दोनों ने लव मैरिज कर ली। कुछ दिन सब ठीक रहा। फिर शराब के नशे में पति रोज पीटने लगे। वो नींद की गोलियां भी खाते थे।

पत्नी ने बताया कि घर में एंट्री गेट से लेकर किचन और बेडरूम तक में CCTV लगवाए हैं। मुझे अपने कमरे में घुसने नहीं देते थे। दोनों बेटियों को साथ रखते थे। अक्सर कहते थे कि तुम बेटे को लेकर कहीं चली जाओ, मैं बेटियों को पाल लूंगा। जब वो बाहर चले जाते थे, तब हम लोग उनके कमरे में जाते थे।

रात 2.30 बजे आखिरी बार बेटी को लेकर वाशरूम गए थे

पत्नी रेशमा ने बताया कि कल रात सबकुछ ठीक था। सबने खाना खाया। फिर पति बच्चियों को लेकर कमरे में सोने चले गए। किसी से फोन पर बहुत देर तक बात की। उनके कमरे में सीसीटीवी लगा है।

मैं बाहर स्क्रीन पर उनके कमरे के अंदर देख रही थी। रात करीब 2.30 बजे एक बेटी को लेकर वॉशरूम गए। थोड़ी देर बाद वापस आकर कमरे की लाइट बंद कर दी। मैं भी बाहर सो गई। इसके बाद पता नहीं कब हत्या की। सुबह जब पुलिस आई, तब मुझे बेटियों की हत्या का पता चला।

चाकू से गला रेता, चीख तक नहीं पाई बच्चियां

पुलिस की फॉरेसिंक टीम के मुताबिक, बच्चियों की लाश फर्श में पड़ी थी। बेड बिल्कुल साफ था। क्राइम सीन को देखकर ऐसा लग रहा है कि आरोपी ने बच्चियों का मुंह दबाया और फिर उनका गला चाकू से रेत दिया। एक शंका यह भी है कि बच्चियों को कुछ नशीला पदार्थ सुंघा या खिला दिया हो। ऐसा इसलिए कि आरोपी दवाओं का जानकार था।

घर में 6 सीसीटीवी कैमरे लगवाए

शशि रंजन ने फ्लैट के एंट्री गेट पर 2 कैमरे, घर के अंदर किचन, हॉल और दो बेडरूम में कैमरे लगे हैं। घर पर इतने कैमरे क्यों लगवाए हैं? इस सवाल पर पत्नी रेश्मा ने बताया- पता नहीं। मेरे हसबैंड को ही पता होगा। हालांकि, रेशमा ने यह जरूर बताया कि शादी के कुछ सालों के बाद पति का स्वभाव बदल गया।

पत्नी ने बताया- मुझे मायके जाने नहीं देते थे। जब भी मायके जाना चाहती थी, तब वो मेरे साथ मारपीट करते थे। एक बार मैं जिद में मायके चली गई थी। तब उन्होंने सिर्फ बेटे को साथ जाने दिया था। बेटियों को अपने पास ही रोक लिया था। फिर मुझसे बिना बेटियों के रहा नहीं गया, मैं 9 महीने बाद वापस आ गई।

‘अब मैं मरना चाहता हूं, बेटियों को साथ ले जाऊंगा’

पत्नी रेशमा ने बताया कि शशि रंजन की मां की कुछ महीनों पहले मौत हो गई थी। तब से वह बार-बार कहते थे कि मेरी मम्मी मर गई हैं। अब मैं भी मरना चाहता हूं। दोनों बेटी को साथ लेकर जाऊंगा। तुम अपने बेटे को पालना।

शुरुआती पूछताछ के बाद पुलिस का कहना है कि ये बात साफ है कि शशि रंजन अपनी बेटियों को बहुत प्यार करता था। जुड़वा बेटियां अपार्टमेंट के सामने ही मदर टेरेसा स्कूल में 5वीं में पढ़ती थीं। इसी स्कूल में बेटा यूकेजी का छात्र है।

बेटियों की हत्या क्यों की, फिलहाल इस सवाल का जवाब नहीं

शशि रंजन की आर्थिक हालत अच्छी थी। फिर उसने बेटियों की हत्या क्यों की? इसकी कोई खास वजह पुलिस को नहीं मिली है। पुलिस इस पूरी वारदात को शशि रंजन के डिप्रेशन या मानसिक बीमारी से जोड़कर देख रही है। पुलिस को 2 बातों की आशंका है…

शशि रंजन का पत्नी से विवाद चल रहा है। वह पत्नी पर शक करता है। बेटियों की हत्या के बाद वह खुद को भी खत्म करना चाहता हो, लेकिन आखिरी वक्त में हिम्मत नहीं जुटा पाया। शशि रंजन को लग रहा था कि पत्नी की संगत में बेटियां बिगड़ सकती हैं। मानसिक बीमार होने के चलते उस पर ये शंका हावी हो गई और उसने बेटियों की हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि रवि रंजन के कमरे में बड़ी संख्या में दवाएं मिलीं हैं। पत्नी ने यह भी बताया कि वह नींद की दवाएं खाते थे। क्या वह बीमार था? उसका कहीं ट्रीटमेंट चल रहा था? इसकी जांच की जा रही है।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»