दिल्ली से ग्वालियर जा रही ताज एक्सप्रेस पर हमला, चलती ट्रेन में लोहे का पाइप फेंककर खिड़की तोड़ी, दंपती घायल

By Ashish Meena
मई 2, 2026

दिल्ली से ग्वालियर जा रही ताज एक्सप्रेस पर शुक्रवार को एक बड़ा हमला हुआ। होडल और कोसीकलां रेलवे स्टेशनों के बीच अज्ञात व्यक्ति ने चलती ट्रेन की इमरजेंसी खिड़की पर लोहे का पाइप फेंक दिया, जिससे खिड़की का शीशा टूट गया और पाइप कोच के अंदर आ गिरा। इस घटना में एक दंपती सहित कई यात्री घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, दक्षिणी दिल्ली के शक्ति विहार निवासी राजेश अग्रवाल अपने परिवार के साथ यात्रा कर रहे थे। सुबह करीब 8:53 बजे, होडल स्टेशन पार करने के तुरंत बाद करीब ढाई फीट लंबे और लगभग 2 इंच मोटे लोहे के पाइप से ट्रेन पर हमला किया गया।

चेहरे और कंधे पर गंभीर चोटें आईं

इस हमले में राजेश अग्रवाल के चेहरे और कंधे पर गंभीर चोटें आईं, जबकि उनकी पत्नी खुशबू और अन्य यात्रियों को हल्की चोटें लगीं। घटना के बाद कोच में अफरा-तफरी मच गई। रेलवे अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घायल यात्री को ट्रेन से उतारकर प्राथमिक उपचार दिलाया। बाद में परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए।

हमले में इस्तेमाल पाइप को कब्जे में लिया

घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जीआरपी मथुरा के उप निरीक्षक गौरव माल्या ने बताया कि पीड़ित की ओर से लिखित शिकायत दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने हमले में इस्तेमाल पाइप को कब्जे में ले लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। रेलवे और पुलिस दोनों ही एजेंसियां मामले की गहन जांच में जुटी हैं और हमलावर की तलाश जारी है।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»