ममता बनर्जी अपनी सीट भी नहीं बचा पाई, शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री को 15 हजार वोटों से हराया
By Ashish Meena
मई 4, 2026
बंगाल की भवानीपुर सीट पर सुवेंदु अधिकारी ने जीत दर्ज कर ली है. उन्होंने बंगाल की सीएम ममता बनर्जी को हराया है. 20वें राउंड की गिनती पूरी होने पर सुवेंदु अधिकारी को अधिकारी को 73 हजार 463 और ममता को 58 हजार 349 वोट मिले. इस तरह अधिकारी ने उन्हें 15 हजार 114 वोटों से हरा दिया है.
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है. बीजेपी ने 200 का आंकड़ा पार कर सबको हैरान कर दिया है. बीजेपी पहली बार राज्य में सरकार बनाने जा रही है. पिछले चुनाव में बीजेपी को 77 सीटें मिली थीं.
भ्रष्टाचारियों की हार हुई: सुवेंदु अधिकारी
भवानीपुर में ममता बनर्जी को हराने के बाद सुवेंदु अधिकारी मीडिया से रूबरू हुए. उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचारी हार गए हैं.
ताजा रुझान
बंगाल की 294 सीटों में से भाजपा ने 179 सीटें जीत ली हैं और 28 पर आगे है। टीएमसी ने 61 सीटें अपने नाम कीं और 18 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस को सिर्फ दो सीट पर जीत मिली है। एक सीट फालता पर 21 मई को फिर वोटिंग होगी।
BJP ने सौ से ज्यादा सीटें लूटी है- ममता बनर्जी का आरोप
ममता बनर्जी ने बंगाल में बीजेपी की जीत को ‘गलत’ करार दिया है. उन्होंने कहा, ‘हमने बंगाल के चीफ इलेक्शन ऑफिसर से कई बार शिकायत की, लेकिन कोई एक्शन नहीं लिया गया. मेरे को लात मारी, मुझे धक्का दिया. BJP ने सौ से ज्यादा सीटें लूटी है, बीजेपी ने वोट लूटे हैं. उन्होंने मुझे घेर लिया है. ये BJP के लिए एक गलत जीत है. ये पूरी तरह से गैर-कानूनी है. मैंने चीफ इलेक्शन ऑफिसर से शिकायत की थी. हम वापस आएंगे.’
कमल खिला दिया- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने बीजेपी मुख्यालय में बंगाल, असम और पुडुचेरी में बीजेपी की जीत पर खुशी जताई. उन्होंने कहा, ‘मैं बंगाल की जनता, असम की जनता और पुडुचेरी की जनता, तमिलनाडु और केरलम की जनता का आज आदरपूर्वक नमन करता हूं. बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने एक बार फिर कमाल कर दिया है, कमल खिला दिया है, आपने इतिहास रच दिया है.’
टीएमसी का बड़ा दावा
टीएमसी ने आरोप लगाया है कि कुछ विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करने के बावजूद उनके उम्मीदवारों को अब तक जीत का प्रमाणपत्र नहीं दिया गया है. पार्टी के मुताबिक डायमंड हार्बर, मगरहाट पूर्व, मगरहाट पश्चिम, कुलपी, रायदीघी, पाथरप्रतिमा, बसंती, बर्धमान उत्तर और सुतई जैसी सीटों पर उनके उम्मीदवार जीत चुके हैं, लेकिन आधिकारिक तौर पर उन्हें विजेता घोषित करने की प्रक्रिया पूरी नहीं की जा रही है.
