ED ने कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को किया गिरफ्तार, सुबह से चल रही थी छापेमारी
By Ashish Meena
मई 9, 2026
आम आदमी पार्टी के नेता और पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया है। आज सुबह से चंडीगढ़ स्थित उनके आवास पर ईडी की रेड चल रही थी। कई घंटों तक चली इस रेड के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया है। संजीव अरोड़ा की गिरफ्तार के बाद आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार पर हमला बोला है। सीएम भगवंत मान ने इस रेड के बाद एक ट्वीट किया है। उन्होंने इस ट्वीट में बीजेपी पर हमला बोला है।
सीएम भगवंत मान का ट्वीट
सीएम ने एक्स पर लिखा कि आज फिर बीजेपी की ईडी संजीव अरोड़ा के घर आई है। एक साल में यह तीसरी बार है जब बीजेपी की ईडी उनके घर आई है, और एक महीने में दूसरी बार। फिर भी उन्हें कुछ नहीं मिला। मैं मोदी जी से कहना चाहता हूं कि पंजाब गुरुओं की धरती है; औरंगजेब भी इसे झुका नहीं पाया था। यह भगत सिंह की धरती है, जिन्होंने अंग्रेजों के सामने कभी सिर नहीं झुकाया; इसलिए पंजाब मोदी की चालों के आगे कभी नहीं झुकेगा। पंजाब, ईडी और भाजपा के इस अनैतिक गठबंधन को खत्म कर देगा।
मनीष सिसोदिया ने भी किया ट्वीट
ED के डायरेक्टर से लेकर चपरासी तक को अब मोदी जी ने पंजाब भेज दिया है। पर मोदी जी ध्यान रखिए पंजाब को दिल्ली में बैठा औरंगज़ेब भी नहीं झुका पाया था। आप पंजाब को जितना कुचलने की कोशिश करो, ये हमेशा तानाशाह से लड़ने के लिए उठ खड़ा हुआ है।
वहीं संजय सिंह ने लिखा कि BJP का “सुपारी किलर” ED आज फिर पंजाब पहुँच गया है। सरकार के कैबिनेट मंत्री @SanjeevArora_PB के घर छापेमारी शुरू हो गई है। दो तीन दिन तमाशा चलेगा, फ़र्ज़ी ख़बरे चलेंगी सुपारी किलर वापस चले जायेंगे। फिर मालिक के द्वारा उनको नया टास्क दिया जायेगा। पंजाब की @BhagwantMann सरकार को बदनाम करने के लिए पंजाब की जनता का काम रोकने के लिए और कितने हथकंडे अपनाओगे मोदी जी?
