PM मोदी इटली पहुंचे, मेलोनी से की मुलाकात, साथ में किया डिनर, पीएम ने लिखा- आपका स्वागत है मेरे दोस्त

By Ashish Meena
मई 20, 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इटली के दौरे पर रोम पहुंचने के बाद पीएम जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात की। पीएम मोदी ने बताया कि दोनों नेताओं ने डिनर के दौरान कई अहम वैश्विक और द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की। इसके बाद दोनों नेताओं ने रोम के ऐतिहासिक और प्रतिष्ठित कोलोसियम का भी दौरा किया। इससे पहले मोदी के रोम पहुंचने पर मेलोनी ने सोशल मीडिया पर उनका स्वागत करते हुए लिखा कि रोम में आपका स्वागत है मेरे दोस्त।

PM Modi attends dinner hosted by Giorgia Meloni, says 'looking forward to our talks'

पीएम मोदी ने क्या कहा?

पीएम मोदी ने कहा कि भारत-इटली संबंधों को और मजबूत बनाने को लेकर आज होने वाली औपचारिक वार्ता को लेकर वह उत्साहित हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी, व्यापार, निवेश और सहयोग के नए रास्ते खुलेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारतीय संगीत इटली में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। रोम में भारतीय समुदाय के स्वागत कार्यक्रम के दौरान पांच इतालवी कलाकारों ने राग हंसध्वनि की प्रस्तुति दी। पीएम मोदी ने कलाकारोंलेरियो ब्रूनी, लियो वर्टुननी, सिमोन मैटिएलो, फ्रांसेस्को घेरार्डी और निकोलो मेलोची की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।

पीएम ने भारतीय समुदाय का जताया आभार

प्रधानमंत्री ने इटली में बसे भारतीय समुदाय का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि रोम पहुंचने पर भारतीय समुदाय ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पीएम मोदी ने भारतीय प्रवासियों की सराहना करते हुए कहा कि उनका भारत के प्रति गहरा लगाव और भारत-इटली संबंधों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता बेहद सराहनीय है। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में भारतीय प्रवासी समुदाय लगातार देश का नाम रोशन कर रहा है।

भारत और इटली के बीच का द्विपक्षीय व्यापार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इससे पहले जून 2024 में ग्रुप ऑफ सेवन (G7) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए इटली गए थे। अब उनका यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब भारत और इटली के बीच द्विपक्षीय संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों देश संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना 2025-2029 को सक्रिय रूप से लागू कर रहे हैं। इस व्यापक रोडमैप के तहत व्यापार, निवेश, रक्षा और सुरक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, नवाचार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और लोगों के बीच संपर्क जैसे कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाया जा रहा है।

मंत्रालय ने बताया कि वर्ष 2025 में भारत-इटली द्विपक्षीय व्यापार 16.77 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया है। वहीं अप्रैल 2000 से सितंबर 2025 के बीच इटली से भारत में 3.66 अरब अमेरिकी डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) दर्ज किया गया। दोनों देश रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।