MP में बड़ी वारदात, शादी के 13वें दिन बहू को कुल्हाड़ी से काट डाला, पति ने कहा- बड़े भाई ने कमरा बंद कर रेप की कोशिश की

By Ashish Meena
मई 23, 2026

मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के खजरी गांव से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे एक शख्स ने अपने छोटे भाई की पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। आरोपी ने उसकी गर्दन, पेट, हाथ और कमर पर इतने वार किए कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद से आरोपी जेठ फरार है।

10 मई को ही हुआ था विवाह

घंसौर पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान 23 वर्षीय सरिता मरकाम के रूप में हुई है। उसका विवाह महज 13 दिन पहले 10 मई को खजरी गांव के बबलू मरकाम से हुआ था। अभी उसकी मेहंदी का रंग छूटा भी नहीं था। घर में शादी की खुशियों का माहौल था, लेकिन शुक्रवार सुबह घर के भीतर ही इस खूनी खेल ने पूरे परिवार को तबाह कर दिया।

बंद दरवाजे के पीछे घिनौनी करतूत

पति बबलू मरकाम ने पुलिस को बताया- मेरे बड़े भाई ने घर का दरवाजा बंद कर मेरी पत्नी के साथ रेप करने की कोशिश की। पत्नी विरोध किया तो वह गुस्से में अंधा हो गया। उसने कुल्हाड़ी उठाई और ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी का नाम अब्बू लाल मरकाम (35 वर्ष) है। वह सनकी और आपराधिक प्रवृत्ति का है। एक मामले में जेल भी जा चुका है।

चश्मदीद भानजी ने कहा- मामी को बचाने मैं हंसिया लेकर दौड़ी

मृतका की भानजी पिंकी इस वारदात की चश्मदीद गवाह है। उसने बताया- बड़े मामा छोटी मामी के साथ जबरदस्ती कर रहे थे। अचानक उन्होंने कुल्हाड़ी उठाई और मामी के गले और हाथ पर वार करना शुरू कर दिया।

मामी को खून से लथपथ देख मैं उन्हें बचाने के लिए घर के भीतर से हंसिया लेकर बाहर दौड़ी और चिल्लाकर सबको बुलाया। मेरी आवाज सुनकर बड़े नाना दौड़कर आए और उन्होंने मामी को छुड़ाया। फिर छोटे मामा (बबलू) को बुलाया, लेकिन तब तक मामी पर हमला कर बड़े मामा मौके से भाग चुके थे।

मौके पर पहुंची पुलिस, फरार आरोपी की तलाश तेज

हत्याकांड की सूचना मिलते ही घंसौर पुलिस गांव पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल को पूरी तरह सील कर वहां का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस आरोपी के मानसिक बीमारी के दावे सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार जंगलों और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»