केंद्र सरकार ने 13 प्रतिशत बढ़ाई प्याज की कीमतें, जानें अब कितना मिलेगा भाव
By Ashish Meena
जुलाई 4, 2026
मालवा जंक्शन, नई दिल्ली।
केंद्र सरकार ने बफर स्टॉक के लिए प्याज की खरीद कीमत 13 प्रतिशत बढ़ाकर 2,125 रुपये प्रति क्विंटल कर दी है। सरकार के इस कदम का उद्देश्य खरीद बढ़ाना और किसानों को बेहतर रिटर्न उपलब्ध कराना है। इससे पहले बफर स्टॉक के लिए प्याज की कीमत 1,875 रुपये प्रति क्विंटल थी। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, प्याज खरीद की नई दरें 4 जुलाई, 2026 से लागू होंगी।
चालू सत्र में 5वीं बार बढ़ाई गई प्याज की कीमतें
गोरताब है कि मौजूदा सत्र में खरीद कीमत में ये पांचवीं बढ़ोतरी है, क्योंकि कीमत स्थिरीकरण कोष के तहत 2026 के बफर स्टॉक के लिए सरकार की प्याज खरीद की शुरुआत धीमी रही है। खरीद की कीमत में बार-बार बढ़ोतरी के बावजूद 1 जून से अब तक केवल 2,000 टन प्याज ही खरीदी गई है।
सत्र शुरू होने के बाद से प्याज खरीद की कीमत तेजी से बढ़ी है। ये 12.70 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 22 मई को 15.80 रुपये प्रति किलो हो गयी। वहीं 13 जून को 16.50 रुपये प्रति किलो, 20 जून को 17.30 रुपये प्रति किलो और उसके बाद 18.75 रुपये प्रति किलो पहुंच गई। अब इसे बढ़ाकर 21.25 रुपये किलो (2,125 रुपये क्विंटल) कर दिया गया है।
307.37 लाख टन रह सकता है प्याज का उत्पादन
कृषि और किसान कल्याण विभाग के 2025-26 के दूसरे अग्रिम अनुमान के अनुसार, प्याज का उत्पादन 307.37 लाख टन रहने का अनुमान है, जो 2024-25 के 307.67 लाख टन के लगभग बराबर है। उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय ने कहा कि इस समय कुल उपलब्धता कोई चिंता का विषय नहीं है। हालांकि, सामान्य मौसमी रुख के अनुसार कीमतें थोड़ी बढ़ सकती हैं।
