देवास दौरे पर पहुंचे उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, छात्राएं बोली- सर, हमारी सड़क बनवा दो, ग्राम सचिव धमकाते हैं

By Ashish Meena
अगस्त 7, 2026

मालवा जंक्शन, सोनकच्छ।
देवास दौरे पर पहुंचे उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा को गुरुवार को सोनकच्छ के बीसाखेड़ी मॉडल स्कूल की छात्राओं ने रोककर अपनी सड़क की समस्या बताई। छात्राओं ने कहा, “सर, हमारी सड़क बनवा दो… हमारी प्रॉब्लम तो सुनो।” उन्होंने आरोप लगाया कि 181 हेल्पलाइन पर शिकायत करने के बाद ग्राम सचिव उन्हें धमकाते हैं। इस पर उपमुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सड़क और पुल दोनों का निर्माण कराया जाएगा।

छात्राओं ने बताया कि जलोदिया और डाबला के बीच करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क कई वर्षों से नहीं बनी है। बारिश में रास्ता पूरी तरह कीचड़ से भर जाता है। इससे रोज स्कूल पहुंचने में परेशानी होती है और कई बार देर होने पर शिक्षकों की डांट भी सुननी पड़ती है। उन्होंने सड़क के साथ पुल बनाने की मांग भी रखी।

छात्राओं का आरोप कई बार सीएम हेल्पलाइन पर कर चुके शिकायत

छात्राओं का आरोप है कि 181 हेल्पलाइन पर शिकायत करने वाले एक छात्र के परिवार को आवास योजना का लाभ नहीं देने की धमकी भी दी गई। उपमुख्यमंत्री ने उनकी बात सुनने के बाद जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।

कांग्रेस के बयान पर दी प्रतिक्रिया

इस दौरान उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने दतिया उपचुनाव में भाजपा की हार और कांग्रेस के आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भाजपा पर टिप्पणी करने से पहले अपनी हार पर भी नजर डालनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकार है और पार्टी 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में पूरी ताकत से जुटेगी।

देवड़ा ने कांग्रेस के ‘भाजपा का घमंड टूट गया’ वाले बयान पर कहा कि जो लोग ऐसी बातें कर रहे हैं, उन्हें पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बड़े नेता भी चुनाव हार चुके हैं। इसलिए घमंड किसमें है, इसका जवाब उन्हें खुद देना चाहिए।

भाजपा के घर-घर तिरंगा अभियान पर की चर्चा

देवास दौरे के दौरान उन्होंने भाजपा जिला संगठन की बैठक भी ली। बैठक में 15 अगस्त को होने वाली तिरंगा यात्रा और ‘घर-घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियों पर चर्चा हुई। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष रायसिंह सेंधव, जनप्रतिनिधि और विधायक मौजूद रहे। देवड़ा ने बताया कि अभियान शुक्रवार से शुरू होगा। मुख्यमंत्री सोनकच्छ में कार्यक्रम में शामिल होंगे, जबकि वे स्वयं अपनी विधानसभा मल्हारगढ़ से इसकी शुरुआत करेंगे।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»