खातेगांव तहसील के इस गांव में तालाब में मिला 18 वर्षीय नवविवाहिता का शव, शरीर से बंधे थे दो पत्थर, 6 दिन से थी लापता, जांच में जुटी हरणगांव पुलिस

By Ashish Meena
अगस्त 25, 2026

मालवा जंक्शन, खातेगांव।
खातेगांव तहसील के हरणगांव थाना क्षेत्र के ग्राम खिवनी में 18 वर्षीय नवविवाहिता सुनीताबाई पत्नी जबरसिंह बारेला का शव गांव के पास स्थित तालाब से मिलने के बाद सनसनी फैल गई। महिला पिछले छह दिनों से लापता थी। तालाब में पानी कम होने के बाद शव के हाथ-पैर दिखाई दिए, जिसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। शव से करीब 20-20 किलो वजनी दो पत्थर बंधे मिले। घटना के बाद महिला के मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

छह दिन से लापता थी सुनीता

सुनीता के पिता श्यामसिंह बारेला निवासी चंदपुरा ने बताया कि उनकी बेटी करीब छह दिन से लापता थी। उनके अनुसार घटना से पहले सुनीता के पति जबरसिंह का फोन आया था। पति ने फोन पर बताया था कि सुनीता वहां से भागकर जा रही है। इस पर पिता ने सुबह आकर उससे बात करने की बात कही। पिता के मुताबिक करीब आधे घंटे बाद जबरसिंह ने दोबारा फोन कर बताया कि सुनीता भाग गई है। इसके बाद परिवार के लोग उसकी तलाश में जुट गए। रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन के बावजूद उसका पता नहीं चला।

तालाब में मिली लाश, शरीर से बंधे थे पत्थर

सोमवार को गांव के पास वन विभाग द्वारा बनाए गए छोटे तालाब में सुनीता का शव मिला। पानी कम होने के कारण शव के हाथ-पैर दिखाई दे रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया।पुलिस के अनुसार शव से पत्थर बंधे हुए थे। स्वजन का दावा है कि दोनों पत्थरों का वजन करीब 20-20 किलो था। शव जिस स्थिति में मिला, उसे देखते हुए परिवार ने हत्या कर शव को तालाब में फेंके जाने की आशंका जताई है।

पांच महीने पहले किया था प्रेम विवाह

स्वजन के अनुसार सुनीताबाई और जबरसिंह बारेला ने करीब पांच महीने पहले प्रेम विवाह किया था। विवाह के कुछ समय बाद ही सुनीता के लापता होने और अब उसका शव मिलने से परिवार में मातम पसरा है।सुनीता के पिता ने मामले में हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्वजन ने यह भी दावा किया है कि शव मिलने के बाद सुनीता के बाल जले हुए दिखाई दे रहे थे। पुलिस जांच के बाद ही इस दावे की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।

पत्थर बंधे शव का पीएम कराया

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव को पत्थर बंधी अवस्था में ही पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खातेगांव ले जाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह और शरीर पर चोटों से जुड़े तथ्यों की जानकारी मिल सकेगी।

प्रथमदृष्टया हत्या का संदेह

हरणगांव थाना प्रभारी अभिषेक सेंगर ने मालवा जंक्शन से बात करते हुए बताया कि गांव के पास वन विभाग के बनाए छोटे तालाब से सुनीता का शव बरामद हुआ है। शव से पत्थर बंधे हुए थे। महिला करीब छह दिनों से लापता थी। तालाब में पानी कम होने के बाद उसके हाथ-पैर दिखाई दिए, जिससे घटना का पता चला। प्रथमदृष्टया यह मामला हत्या का लग रहा है, हालाँकि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»