मध्यप्रदेश के इस भाजपा नेता ने की आत्महत्या, फांसी लगाकर दी जान, बेटी की लव मैरिज से तनाव में थे जिला मंत्री

By Ashish Meena
अगस्त 25, 2026

मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला मंत्री और राशन दुकान संचालक मनीष परदेशी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनका शव लक्कड़ बाजार स्थित घर में फंदे पर लटका मिला। घटना के वक्त परिवार के सदस्य शहर से बाहर थे।

दोस्त उनसे मिलने घर पहुंचा था

जानकारी के मुताबिक, मनीष का एक दोस्त उनसे मिलने उनके घर पहुंचा था। दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो दोस्त ने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर मनीष का शव फंदे पर मिला। सूचना मिलते ही मोघट रोड पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर जिला अस्पताल भिजवाया।

बेटी की शादी के बाद तनाव में रहने की बात

मनीष के परिवार में पत्नी, एक बेटा और बेटी हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया। रिश्तेदारों के मुताबिक, मनीष की बेटी ने परिवार की इच्छा के खिलाफ प्रेम विवाह किया था। इसके बाद से वह तनाव में रहने लगे थे। हालांकि, पुलिस ने अभी इस बात को आत्महत्या की वजह नहीं माना है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं।

भाजपा के साथ सामाजिक संगठनों में भी सक्रिय थे

मनीष परदेशी भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला मंत्री थे। वह एक हिंदू संगठन के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके थे। इसके अलावा वह सरकारी राशन दुकान का संचालन करते थे। मनीष राशन दुकान संचालकों की जिला यूनियन के अध्यक्ष भी रह चुके थे। सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहने के कारण स्थानीय स्तर पर उनकी पहचान थी।

परिजन शहर से बाहर थे

मोघट रोड थाना प्रभारी विकास खिंची के मुताबिक, घटना के समय मनीष के परिजन पारिवारिक काम से खंडवा से बाहर गए हुए थे। उनके देर रात तक वापस लौटने की जानकारी थी। परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस परिवार और परिचितों से जानकारी जुटा रही है।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»