खातेगांव तहसील के सन्नौद में तालाब में तैरता मिला महिला का शव, दो दिन से थी लापता, आत्महत्या की आशंका
By Ashish Meena
अगस्त 25, 2026
मालवा जंक्शन, खातेगांव।
खातेगांव क्षेत्र के सन्नौद गांव में रविवार शाम से लापता 65 वर्षीय गीताबाई बद्रीप्रसाद नाथ का शव मंगलवार को एक खेत में बने तालाब में तैरता हुआ मिला। इस सनसनीखेज घटना के बाद से पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल है।
दो दिनों से थी तलाश, तालाब के पास मिली थीं चप्पलें
जानकारी के अनुसार, मृतिका गीताबाई पिछले दो दिनों यानी रविवार शाम से अचानक लापता हो गई थीं, जिसके बाद परिजन लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए थे। खोजबीन के दौरान सोमवार को परिजनों और ग्रामीणों की नजर मुकेश रातुंगाल के खेत पर स्थित तालाब के पास पड़ी, जहां गीताबाई की चप्पलें रखी हुई मिलीं।
चप्पलें मिलने के बाद अनहोनी की आशंका गहरी हो गई और तुरंत तलाश अभियान शुरू किया गया। गोताखोरों और नाव की मदद से सोमवार को तालाब में काफी खोजबीन की गई, लेकिन उस वक्त सफलता नहीं मिली। आखिरकार मंगलवार को उनका शव पानी की सतह पर तैरता हुआ दिखाई दिया।
पुलिस ने निकलवाया शव, मर्ग कायम कर जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि महिला ने बेटे और बहू के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद से तंग आकर यह खौफनाक कदम उठाया है और आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि, मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की गहन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है, जिसके बाद उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
