खंती में मिले दो बहनों के शव, मामा के घर आई थी 6 साल की बच्ची

By Ashish Meena
सितम्बर 2, 2026

दमोह जिले के जबेरा थाना क्षेत्र के तावरी गांव में मंगलवार रात दो ममेरी-फुफेरी बहनों के शव घर के पास स्थित खंती में मिले। दोनों बच्चियां शाम करीब 5 बजे से लापता थीं। परिजन और पुलिस ने काफी देर तक तलाश की। रात करीब 10 बजे दोनों के शव दिखाई दिए।

मृतकों की पहचान तावरी निवासी मानसी (11) पिता संतोष सिंह और काव्या (6) पिता पप्पू सिंह के रूप में हुई है। काव्या मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा की रहने वाली थी और रक्षाबंधन पर अपने मामा विनोद सिंह के घर आई थी।

मामा विनोद सिंह ने बताया कि मंगलवार शाम करीब 5 बजे दोनों बच्चियां अचानक लापता हो गईं। परिजन ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

रात करीब 10 बजे दोनों की चप्पलें मिलीं

पुलिस ने परिजन के साथ मिलकर बच्चियों की तलाश शुरू की। रात करीब 10 बजे घर के पास खेत में बनी गहरी खंती के पास दोनों की चप्पलें मिलीं। टॉर्च से देखने पर पानी में दोनों के शव दिखाई दिए।

इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से शवों को खंती से बाहर निकाला गया। शवों को जबेरा स्वास्थ्य केंद्र में रखवाया गया है। बुधवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

परिजन ने किसी पर शक नहीं जताया

तेंदूखेड़ा एसडीओपी अर्चना अहीर ने बताया कि दो बच्चियों के लापता होने की सूचना मिलते ही टीम बनाकर तलाश शुरू की गई थी। खोजबीन के दौरान घर के सामने खेत में बनी खंती में दोनों के शव मिले। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

परिजन ने फिलहाल किसी पर संदेह नहीं जताया है। पुलिस परिजन और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि दोनों बच्चियां वहां तक कैसे पहुंचीं और उनकी मौत किन हालात में हुई।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।