सीहोर ब्रेकिंग: बुधनी से शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ विधानसभा चुनाव लड़ने वाले विक्रम मस्ताल के भाई अर्जुन शर्मा पर FIR, गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मामला

By Ashish Meena
सितम्बर 9, 2026

मालवा जंक्शन, सीहोर।
सीहोर जिले की हाईप्रोफाइल बुधनी विधानसभा क्षेत्र से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव और 2023 के विधानसभा चुनाव में शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले कांग्रेस प्रत्याशी रहे विक्रम मस्ताल शर्मा के भाई अर्जुन शर्मा के खिलाफ बिलकिसगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। इस कार्रवाई के बाद से राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है और मामला तेजी से चर्चा का विषय बन गया है।

भोपाल के शाहपुरा थाने से ट्रांसफर हुआ मामला

पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला तब सामने आया जब एक पीड़ित युवती ने राजधानी भोपाल के शाहपुरा थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। चूंकि घटना से जुड़ा मुख्य स्थल बिलकिसगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाला एक जंगल रिसॉर्ट है, इसलिए शाहपुरा पुलिस ने जीरो पर कायमी कर डायरी आगे की जांच के लिए बिलकिसगंज थाने को ट्रांसफर कर दी। बिलकिसगंज थाने पहुंचने के बाद पुलिस ने बीएनएस की धारा 69 और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

मालवा जंक्शन ने थाने पहुंचकर की पड़ताल

मालवा जंक्शन की टीम द्वारा जब बिलकिसगंज थाने पहुंचकर मामले की पड़ताल की गई, तो थाना प्रभारी संदीप मीणा ने स्पष्ट किया कि आरोपी अर्जुन शर्मा फिलहाल फरार चल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और आसपास के सभी संबंधित थानों को भी उसकी तलाश के संबंध में आधिकारिक सूचना भेज दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस दस्तावेजों के मुताबिक, इस मामले की एफआईआर (क्रमांक 0128/2026) 26 जुलाई 2026 को दर्ज की गई थी। पुलिस रिकॉर्ड में घटना की समयावधि 12 अगस्त 2025 से 6 मई 2026 के बीच की बताई गई है, जबकि घटनास्थल के रूप में बिलकिसगंज स्थित एक जंगल रिसॉर्ट का उल्लेख है।

राजनीतिक हलकों में मचा भूचाल

आरोपी अर्जुन शर्मा सलकनपुर क्षेत्र के निवासी हैं और कांग्रेस पार्टी में प्रदेश प्रतिनिधि के रूप में सक्रिय हैं। सबसे अहम बात यह है कि वे पिछले विधानसभा चुनाव में बुधनी सीट से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले प्रसिद्ध अभिनेता व नेता विक्रम मस्ताल के भाई हैं। एक प्रमुख राजनीतिक परिवार से जुड़े होने और कांग्रेस के बड़े पद पर आसीन होने के कारण इस हाई-प्रोफाइल मामले ने तूल पकड़ लिया है। विपक्षी दलों और स्थानीय स्तर पर इस पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। फिलहाल, पुलिस कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»