8 दुकानों में चोरी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, सतवास पुलिस ने कैश और बाइक बरामद की
By Ashish Meena
सितम्बर 13, 2026
देवास जिले के सतवास थाना पुलिस ने पीपलकोटा गांव में रक्षाबंधन की रात हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक ही रात में आठ दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 50 हजार रुपए का चोरी का माल और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है।
पुलिस के अनुसार रक्षाबंधन की रात पीपलकोटा गांव में चोरों ने एक के बाद एक आठ दुकानों को निशाना बनाया था। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीन संदिग्ध आरोपी मास्क और ग्लव्स पहने हुए दिखाई दिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए दो टीमें गठित कीं। टीमों ने आरोपियों के आने-जाने वाले संभावित रास्तों की जानकारी जुटाई और तकनीकी साक्ष्यों के साथ उनकी गतिविधियों को ट्रैक किया। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने धार जिले के गेटा गांव निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ धार, बड़वानी, खरगोन और महाराष्ट्र के विभिन्न थानों में चोरी सहित अन्य मामलों के 17 प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड और पूर्व वारदातों की भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने बताया कि चोरी में शामिल दो अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है। दोनों की तलाश में पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है। मामले के खुलासे में सतवास थाना पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
