चाकू से वार कर महिला को उतारा मौत के घाट, पुलिस ने आरोपी को दबोचा
By Ashish Meena
सितम्बर 14, 2026
नर्मदापुरम जिले के ग्राम मांगरोल में 11 सितंबर को हुई 42 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, रविवार रात संदेही से पूछताछ की गई, जिसमें उसने चाकू से महिला के पेट, जांघ और सीने पर हमला करना स्वीकार किया है। माखननगर पुलिस आज (सोमवार) मामले का खुलासा करेगी। हत्या की वजह का खुलासा पुलिस की प्रेसवार्ता में होने की उम्मीद है।
पुलिस के अनुसार आरोपी राजेश उर्फ मटरू यादव (48) मांगरोल गांव का ही रहने वाला है। हत्या के बाद वह अपनी पत्नी को लेने नर्मदापुरम स्थित ससुराल चला गया था। वहां एक दिन रुकने के बाद रविवार को पत्नी को लेकर गांव लौटा। इसी दौरान पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए थाने बुलाया। पूछताछ में उसने महिला की हत्या करना स्वीकार किया।
सड़क हादसा समझा, फिर हत्या का सामने आया संदेह
मृतका की पहचान मांगरोल निवासी 42 महिला के रूप में हुई थी। जानकारी के मुताबिक, 11 सितंबर की सुबह करीब 7 बजे महिला घर से खेत जाने के लिए निकली। करीब 8.30 बजे उनका शव गांव से कुछ दूर ढोढ़ई-सांगाखेड़ा रोड पर सुनसान जगह पर मिला।
महिला के पेट और सीने पर चोट के निशान थे। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही माखननगर थाना प्रभारी कंचन सिंह ठाकुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं।
सड़क किनारे जिस तरह महिला का शव पड़ा था, उसे देखकर ग्रामीणों ने शुरुआत में सड़क हादसा होने की आशंका जताई। पुलिस ने भी पहले संदिग्ध मौत मानकर जांच शुरू की, लेकिन चोट के निशान और घटनाक्रम की जांच के बाद हत्या का संदेह गहराता गया।
आखिरी बार साथ दिखी महिला से सुराग
पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि महिला को आखिरी बार गांव की ही एक अन्य महिला के साथ देखा गया था। घटना के बाद वह महिला डर के कारण चुप थी और उसने किसी को कुछ नहीं बताया था।
पुलिस की पूछताछ में महिला ने बताया कि 11 सितंबर की सुबह मृत महिला का गांव के राजेश से विवाद हुआ था। विवाद के बाद राजेश अपने घर चला गया। कुछ देर बाद वह वापस आया और चाकू निकालकर महिला पर हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार, हमले में महिला घायल होकर जमीन पर गिर गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद साथ मौजूद महिला डरकर वहां से भाग गई और उसने किसी को घटना की जानकारी नहीं दी।
पुलिस ने अज्ञात पर दर्ज किया था केस
घटना के अगले दिन माखननगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर राजेश उर्फ मटरू यादव से पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में राजेश ने हत्या करना स्वीकार किया और चाकू से हमला करने की बात बताई। पुलिस अब हत्या के पीछे की वजह, इस्तेमाल किए गए हथियार और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
