सड़क पर उतरे 500 किसान, फसल बीमा और बिजली व्यवस्था को लेकर जताया आक्रोश
By Ashish Meena
सितम्बर 19, 2026
भैरूंदा के गोपालपुर में किसानों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर शुक्रवार को किसान स्वराज संगठन के बैनर तले गोपालपुर में आंदोलन हुआ। कृषि उपज मंडी में किसानों की सभा के बाद रैली निकाली गई। किसान बस स्टैंड पहुंचे और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। आंदोलन में करीब 500 किसान शामिल हुए।
किसानों ने केंद्रीय कृषि कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं कलेक्टर के नाम संबोधित ज्ञापन तहसीलदार सौरभ शर्मा, एसडीओपी रोशन जैन और नायब तहसीलदार आरती सोलंकी को सौंपा। किसानों ने ग्राम इटावा-इटारसी में किसान के साथ कथित गाली-गलौज व मारपीट के मामले में संबंधित पटवारी पर तत्काल कार्रवाई कर बर्खास्त करने की मांग की। वर्ष 2025 की अतिवृष्टि से नष्ट हुई सोयाबीन फसल की बीमा राशि गोपालपुर, बोरखेड़ा, जाटमुहाई सहित अन्य गांवों के किसानों को दिलाने और वर्ष 2018 से अब तक बीमा मुआवजे से वंचित किसानों की जांच कराने की मांग भी रखी।
सोयाबीन फसलों का सर्वे कर मुआवजा दे किसानों ने गोपालपुर क्षेत्र की नर्मदा उद्वहन सिंचाई परियोजना का काम तत्काल शुरू करवाकर पूरा कराने, छीपानेर से पाइपलाइन के माध्यम से घोघरा बांध में पानी पहुंचाने तथा रेहटी तहसील के झोलियापुर बैराज में आंवलीघाट नर्मदा नदी से पानी डालने की मांग की। किसानों का कहना है कि इससे मूंग की फसल के लिए सिंचाई सुविधा मिल सकेगी। इसके अलावा भैरूंदा-रेहटी क्षेत्र की 50-60 वर्ष पुरानी विद्युत लाइनों को बदलने, कीट प्रकोप से प्रभावित धान, मक्का और सोयाबीन फसलों का सर्वे कर मुआवजा देने, मक्का-सोयाबीन-धान की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी की घोषणा करने तथा भावांतर योजना बंद करने की मांग की गई। किसान स्वराज संगठन ने मांगों का शीघ्र निराकरण नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
