खातेगांव जनपद के साकट्या में सरपंच के लिए मतदान जारी, दो उम्मीदवारों के बीच सीधा मुकाबला
By Ashish Meena
सितम्बर 29, 2026
मालवा जंक्शन, खातेगांव।
जनपद पंचायत खातेगांव के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत साकट्या में आज सरपंच पद के लिए मतदान प्रक्रिया जारी है। पूर्व सरपंच जगदीश जाट के निधन के कारण रिक्त हुई इस सीट पर इस बार चुनावी मैदान में दो उम्मीदवार आमने-सामने हैं, जिनके बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है। इस उपचुनाव में लक्ष्मीनारायण ‘लच्छू’ पटेल और रामनिवास जगदीश जाट के बीच कड़ा मुकाबला है। नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने से लेकर चुनाव प्रचार के अंतिम दिन तक दोनों प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों के साथ गांव में सघन जनसंपर्क किया था।
5 मतदान केंद्रों पर डाले जा रहे हैं वोट
साकट्या पंचायत में सुचारू रूप से मतदान संपन्न कराने के लिए कुल 5 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन सभी केंद्रों पर गांव के 2600 से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर रहे हैं। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार मतदान ईवीएम (EVM) के माध्यम से कराया जा रहा है।
मतदान से ठीक एक दिन पहले सोमवार को तहसीलदार एवं रिटर्निंग ऑफिसर जितेंद्र तोमर ने प्रशासनिक निर्वाचन दल के साथ साकट्या पहुंचकर सभी मतदान केंद्रों का बारीकी से निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं, सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों, मतदान दल की तैयारियों और मतदाताओं की सुविधा से जुड़ी सभी जरूरी चीजों का जायजा लिया था।
शांतिपूर्ण माहौल में हो रहा मतदान
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, चुनाव को लेकर सभी तैयारियां समय पर और चाक-चौबंद तरीके से पूरी कर ली गई थीं। क्षेत्र में पूरी तरह से शांतिपूर्ण माहौल बना हुआ है और अभी तक किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या शिकायत की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन की ओर से सभी मतदाताओं से अपील की गई है कि वे बिना किसी डर या दबाव के अपने घरों से निकलें और मतदान केंद्र पहुंचकर बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का उपयोग करें।
