आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान: विधायक आशीष शर्मा बोले- हर आंगनबाड़ी बनेगा पोषण, शिक्षा और सम्मान का केंद्र

By Ashish Meena
अक्टूबर 6, 2026

खातेगांव में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत भाजपा मंडल खातेगांव महिला मोर्चा के नेतृत्व में तहसील के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर आयोजित ‘आंगन उत्सव’ का तहसील स्तरीय समापन मंगलवार को मुखर्जी गार्डन हॉल में हुआ। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिका दीदियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम विधायक आशीष शर्मा के मुख्य आतिथ्य एवं वरिष्ठजनों के विशेष आतिथ्य में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत संपूर्ण तहसील के आंगनबाड़ी केंद्रों पर आंगन उत्सव उत्साहपूर्वक मनाया गया। उन्होंने महिला मोर्चा के इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। हमारा लक्ष्य है कि प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पोषण, शिक्षा और सम्मान का केंद्र बने।

भाजपा मंडल अध्यक्ष ललित गुर्जर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला मोर्चा द्वारा प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर आंगन उत्सव आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता दीदियों का सम्मान करते हुए कार्यकर्ता स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।

कार्यक्रम में डॉ. आरएन यादव, नरेंद्र चौधरी, कैलाश साधु सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, पार्षद एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पार्षद सह प्रभारी सावित्री शैलेष यादव ने किया, जबकि आभार महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी प्रवीण जैन ने माना।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»