देवास में माँ चामुंडा माता मंदिर की खुली दान पेटियां, कड़ी सुरक्षा के बीच 62 कर्मचारियों ने की गिनती, जानें कितना दान आया

By Ashish Meena
अक्टूबर 9, 2026

मालवा जंक्शन, देवास।
शारदीय नवरात्रि से ठीक पहले देवास में स्थित प्रसिद्ध माँ चामुंडा टेकरी पर गुरुवार को प्रशासन की निगरानी में मंदिर की दान पेटियां खोली गईं। पेटियों से नकदी और गहनों के साथ-साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की ऐसी मार्मिक चिट्ठियां निकलीं, जिनमें लोगों ने माता के दरबार में अपनी मनोकामनाएं, दिल का दर्द और परेशानियां लिखकर भेजी थीं।

62 कर्मचारियों ने की गिनती

प्रशासन की देखरेख में लगाए गए करीब 62 कर्मचारियों ने कड़ी सुरक्षा और पारदर्शिता के बीच चढ़ावे की गिनती की। तहसीलदार हरिओम ठाकुर ने बताया कि दान पेटियों से कुल 5 लाख 71 हजार रुपए नकद बरामद हुए हैं। इसके अलावा दान में चांदी के गहने, अन्य धातु की वस्तुएं और ऑस्ट्रेलिया का 10 डॉलर का एक नोट भी मिला है।

प्रशासन के अनुसार, हाल ही में हुई बारिश का पानी कुछ पेटियों तक पहुंचने के कारण कुछ नोट थोड़े सड़-गल गए थे। जो नोट अच्छी स्थिति में हैं, उन्हें सीधे बैंक में जमा कराया जा रहा है, जबकि खराब नोटों को पहले सुखाया जा रहा है, ताकि उन्हें बैंक में बदला जा सके।

किसी ने मांगा मकान, तो किसी ने बेटे की नौकरी

दान पेटियों से निकली चिट्ठियां इस बात का प्रमाण थीं कि भक्त माता के प्रति कितनी गहरी आस्था रखते हैं। इन पत्रों में लिखी गई लोगों की मनोकामनाएं पढ़कर हर कोई भावुक हो गया। एक श्रद्धालु ने अपने बिछड़े साथी को वापस पाने और जल्द शादी कराने की फरियाद लगाई। एक गरीब परिवार से जुड़े व्यक्ति ने अपने सपनों के आशियाने के लिए दो कमरों का मकान मांगा।

पति की मौत के बाद एक मां ने अपने बेटे की बेहतर पढ़ाई और अच्छी नौकरी मिलने की गुहार लगाई। एक मां ने अपने बेटे को बुरी संगत और नशे की लत से दूर कर सही रास्ते पर लाने के लिए माता से गिड़गिड़ाकर प्रार्थना की। अन्य भक्तों ने बच्चों की पढ़ाई में सफलता, किराना दुकान को बढ़ाने और घर के बीमार सदस्यों के स्वास्थ्य लाभ के लिए मन्नतें मांगीं।

निजी दुखों के बीच भवानी सागर क्षेत्र की समस्याओं की अर्जी

तमाम व्यक्तिगत प्रार्थनाओं के बीच एक लंबी चिट्ठी सबसे अलग और खास रही। इस पत्र में किसी ने अपने निजी सुख के बजाय भवानी सागर क्षेत्र की आम जनता की समस्याओं को माता के दरबार में रखा।

चिट्ठी में सार्वजनिक रास्तों और नालियों पर कथित अतिक्रमण, टीन शेड, अवैध पार्किंग, नालियों के ऊपर मनमाने निर्माण और इलाके में चल रही गैरकानूनी गतिविधियों का कच्चा-चिट्ठा खोला गया था। श्रद्धालु ने प्रशासन से निष्पक्ष सर्वे करवाकर नियम विरुद्ध निर्माण पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही, बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों, बिजली कनेक्शनों और नगर निगम करों से जुड़ी अनियमितताओं की जांच की अपील की गई। पत्र के अंत में अधिकारियों को सही और निष्पक्ष निर्णय लेने की सद्बुद्धि देने के लिए माता रानी से प्रार्थना की गई थी।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»