डबल मर्डर से मचा हड़कंप, होमगार्ड ने की पत्नी और बेटी की हत्या, कमरे में मिले दोनों के शव
By Ashish Meena
अक्टूबर 9, 2026
यूपी की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को एक बार फिर सनसनीखेज वारदात हुई है। होमगार्ड ने अपनी पत्नी और बेटी की हत्या कर पुलिस को खुद ही फोन कर वारदात की जानकारी दी और सरेंडर कर दिया है। डबल मर्डर की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और होमगार्ड को हिरासत में ले लिया है। कृष्णानगर के भोला खेड़ा में हुई घटना के पीछे फिलहाल घरेलू विवाद बताया जा रहा है।
घटना की सूचना पर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी, अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी और सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर भी साक्ष्य जुटाए गए हैं। मां-बेटी के शवों का पंचायतनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार कृष्णानगर के भोलाखेड़ा में रहने वाले होमगार्ड रवीन्द्र शंकर की तैनाती इन दिनों यहां के एक अधिकारी के आवास पर है। वह अपनी पत्नी श्यामा दुलारी (50) और बेटी पूजा (32) के साथ रहता था। पूजा की 2017 में पहली शादी से तलाक होने के बाद 2022 में दूसरा विवाह हुआ था। कुछ समय बाद दूसरे पति से भी तलाक हो गया था। इसके बाद वह मायके में ही रहती थी।
बताया जाता है कि होमगार्ड से मां-बेटी का अक्सर विवाद होता था। इसी विवाद के कारण कुछ समय पहले उसकी पत्नी बिना बताए घर से आभूषण लेकर कहीं चली गई थी। इसे लेकर होमगार्ड ने गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। कुछ दिन बाद पत्नी वापस घर आ गई थी।
इसी बीच गुरुवार की रात भी घर पर विवाद हुआ था। इसी के बाद सोते समय होमगार्ड ने डाटा केबल से दोनों का गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद ही कंट्रोल रूम को फोन से जानकारी देते हुए सरेंडर भी कर दिया। पुलिस ने होमगार्ड को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार प्रथमदृष्टया घटना तो पारिवारिक कलह की वारदात के पीछे नजर आ रहा है। घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। परिजनों द्वारा तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है। मौके से फॉरेंसिक साक्ष्यों सहित सभी पहलुओं पर गहनता से जांच हो रही है।
