MP में दर्दनाक घटना, नाबालिग गर्लफ्रेंड के साथ युवक ने लगाई फांसी, कमरे में फंदे से लटके मिले दोनों के शव, इंस्टाग्राम पर पोस्ट की प्रेगनेंसी टेस्ट किट की फोटो
By Ashish Meena
अक्टूबर 9, 2026
मालवा जंक्शन, भोपाल।
भोपाल की अरेरा कॉलोनी में 22 वर्षीय युवक और उसकी 16 वर्षीय प्रेमिका के शव एक बंगले के सर्वेंट क्वार्टर में फंदे पर लटके मिले। गुरुवार रात युवक ने अपने दोस्त को ऑडियो मैसेज भेजकर कहा- ‘लव यू मेरे भाई, तूने आज तक जो किया मेरे लिए बहुत कुछ किया। तेरा एहसान मेरे ऊपर रहेगा। जा रहा हूं, अलविदा।’
ऑडियो सुनकर दोस्त युवक के कमरे पर पहुंचा, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से झांकने पर उसने दोनों को फंदे पर लटका देखा। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। आत्महत्या की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
परिवार नेपाल गया था, घर में अकेला रह रहा था युवक
पुलिस के मुताबिक, अमन सारूमगर (22), पिता तारा बहादुर, अरेरा कॉलोनी के E-7 क्षेत्र में मकान नंबर 57 में रहता था। वह मूल रूप से नेपाल का रहने वाला था। परिवार में उससे बड़ा एक भाई और छोटी बहन है। उसका परिवार बंगले के सर्वेंट क्वार्टर में रहता था। अमन की मां इसी बंगले में खाना बनाने का काम करती थीं।
अमन और उसके पिता 11 नंबर स्थित गणेश मंदिर के पास फास्ट फूड का ठेला लगाते थे। अमन का परिवार करीब एक सप्ताह पहले नेपाल गया था। इस दौरान वह घर में अकेला रह रहा था। गुरुवार शाम अमन ने अपने दोस्त आर्यन से शराब लाने को कहा था। शराब देने के बाद आर्यन अपने कमरे पर चला गया।
रात 8 बजे दोस्त को भेजा ऑडियो मैसेज
गुरुवार रात करीब 8 बजे अमन ने आर्यन को मोबाइल पर ऑडियो मैसेज भेजा। मैसेज सुनकर आर्यन को अनहोनी की आशंका हुई। वह तुरंत अमन के कमरे पर पहुंचा, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से झांकने पर उसे अमन और उसकी नाबालिग प्रेमिका फंदे पर लटके मिले।
इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती, एक साल से रिलेशनशिप में थे
पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अमन और नाबालिग लड़की की दोस्ती करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। बाद में दोनों की बातचीत बढ़ी और वे रिलेशनशिप में आ गए। लड़की हबीबगंज इलाके की रहने वाली थी और दसवीं कक्षा में पढ़ती थी। बताया जा रहा है कि वह अपने परिवार की इकलौती बेटी थी। उसके पिता कपड़े की दुकान पर सेल्समैन हैं। परिवार में उसका एक बड़ा भाई भी है।
इंस्टाग्राम पर पोस्ट की प्रेगनेंसी टेस्ट किट की फोटो
जानकारी के मुताबिक, आत्महत्या से पहले अमन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर प्रेगनेंसी टेस्ट किट की फोटो पोस्ट की थी। हालांकि, इस पोस्ट का घटना से क्या संबंध है, यह स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने भी इसे आत्महत्या की वजह नहीं बताया है।
पुलिस जांच में जुटी, सुसाइड नोट नहीं मिला
जांच अधिकारी सी अजय दुबे के मुताबिक, दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम गांधी मेडिकल कॉलेज की मॉर्च्युरी में कराया जा रहा है। शुरुआती जांच में आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हुए हैं। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।
