देवास: रात 2 बजे घर से गायब हुई नाबालिग लड़की, कन्नौद पुलिस ने 12 घंटे में ढूंढ निकाला, हरियाणा ले जाने की फिराक में था आरोपी
By Ashish Meena
अक्टूबर 11, 2026
मालवा जंक्शन, कन्नौद।
देवास जिले की कन्नौद पुलिस ने सतर्कता और सूझबूझ का परिचय देते हुए आधी रात को गायब हुई 14 साल 9 महीने की एक नाबालिग लड़की को महज 12 घंटे के भीतर सकुशल ढूंढ निकाला। आरोपी इस नाबालिग को बहला-फुसलाकर हरियाणा ले जाने की फिराक में था, जिसे पुलिस ने इंदौर-नागपुर रोड से धर दबोचा।
रात 2 बजे दर्ज हुई थी गुमशुदगी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नाबालिग के अचानक गायब होने के बाद उसके पिता ने थाने पहुंचकर बेटी के अपहरण की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामला नाबालिग से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने तुरंत गंभीरता दिखाई और अपहरण का केस दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों (टेक्निकल सर्विलांस) के आधार पर संभावित रास्तों की पहचान की।
दो टीमों ने की नाकाबंदी, इंदौर-नागपुर रोड पर दबोचा
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) सौम्या जैन और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (SDOP) आदित्य तिवारी के मार्गदर्शन में पुलिस की दो विशेष टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान तकनीकी मदद से यह सुराग हाथ लगा कि हरियाणा के कैथल जिले के डोहर गांव का रहने वाला रोहित नामक युवक नाबालिग को अपने साथ ले जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए इंदौर-नागपुर रोड पर सघन नाकाबंदी और घेराबंदी की। कन्नौद थाना प्रभारी (टीआई) तहजीब काजी ने बताया कि आरोपी नाबालिग को हरियाणा ले जाने की पूरी तैयारी में था, जिसे पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दबोच लिया और सुरक्षित बचा लिया।
पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई, आरोपी जेल भेजा
पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी रोहित के खिलाफ अपहरण और गंभीर पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की। आवश्यक औपचारिकताओं के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।
