इंदौर के गरबा पंडाल में छेड़छाड़, हिंदू संगठन ने तीन मनचलों को सबक सिखाकर पुलिस के सुपुर्द किया
By Ashish Meena
अक्टूबर 13, 2026
मालवा जंक्शन, इंदौर।
इंदौर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में पूर्व भाजपा विधायक जीतू जराती के सादगी गरबा में महिलाओं ने कुछ युवकों पर आने-जाने के दौरान अनुचित तरीके से छूने का आरोप लगाया। इस पर बजरंगियों ने तीन युवकों को पकड़ा और जमकर सबक सिखाने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
बजरंग दल के जिला सह संयोजक राजेश राठौर के मुताबिक सोमवार को नवरात्रि के दूसरे दिन गरबा पंडाल में मौजूद दो महिलाओं ने शिकायत की थी कुछ युवक महिलाओं को गलत तरीके से छू रहे हैं।
इस पर कार्यकर्ता पहुंचे और तीन संदिग्ध युवकों से पूछताछ की। शुरुआत में उन्होंने पहचान बताने में आनाकानी की। बाद में असलियत सामने आई। बताया गया तीनों ने माथे पर तिलक लगा रखा था। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी नहीं है। बजरंग दल जिला संयोजक विजय कलखोर ने कहा धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में महिलाओं की सुरक्षा सर्वोपरि है।
गरबा पंडालों में आने वाली महिलाओं को सुरक्षित माहौल मिलना चाहिए और किसी भी शिकायत पर आयोजकों तथा प्रशासन को तत्काल कदम उठाने चाहिए। विश्व हिंदू परिषद के प्रचार प्रमुख देव शर्मा ने कहा संगठन महिलाओं की सुरक्षा और धार्मिक आयोजनों की मर्यादा बनाए रखने के लिए सजग रहेगा तथा जरूरत पड़ने पर कानून के दायरे में रहकर प्रशासन का सहयोग करेगा।
